Lionel Messi Goals In World Cup: फुटबॉल की दुनिया में अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी का नाम पहले से ही महानतम खिलाड़ियों में लिया जाता है। अब उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही मेसी दुनिया के पहले ऐसे फुटबॉलर बन गए, जिन्होंने छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने शानदार करियर में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।
कंसास सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेसी अर्जेंटीना की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने। इसी के साथ उन्होंने 2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप में खेलने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले कोई भी खिलाड़ी छह अलग-अलग विश्व कप में मैदान पर नहीं उतरा था। यही नहीं, अल्जीरिया के खिलाफ यह मैच मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर का 200वां मुकाबला भी रहा, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस रिकॉर्ड से पहले जर्मनी के लोथार मैथाउस और मैनुएल नोयर, मेक्सिको के राफेल मार्केज, आंद्रेस गार्डाडो और एंटोनियो कार्बाजाल पांच-पांच वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड साझा करते थे। हालांकि मेसी ने सभी को पीछे छोड़ते हुए इस सूची में अकेले शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। अब यह उपलब्धि सिर्फ उनके नाम दर्ज है। हालांकि पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी इस विश्व कप में खेलकर भविष्य में इस रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं।
मेसी का विश्व कप करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 2022 के कतर विश्व कप में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने सात गोल किए थे, जबकि फ्रांस के खिलाफ खेले गए फाइनल में दो गोल दागकर टीम की जीत की नींव रखी थी। पेनल्टी शूटआउट में भी उन्होंने अर्जेंटीना के लिए पहला सफल शॉट लगाया था। उनकी अगुआई में अर्जेंटीना ने 1986 के बाद पहली बार विश्व कप ट्रॉफी जीती थी।
ये भी पढ़ें: ग्रुप ‘जी’ में ईरान और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबले, 2-2 से बराबर हुआ मैच
अर्जेंटीना के लिए लियोनल मेसी का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 200 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 118 गोल किए हैं, जबकि 64 गोल में असिस्ट भी किया है। वहीं विश्व कप इतिहास में उनके नाम 27 मैचों में 14 गोल और 8 असिस्ट दर्ज हैं। यही वजह है कि उन्हें फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिना जाता है।