FIFA World Cup 2026 Controversy: फीफा विश्व कप 2026 की मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको कर रहे हैं, लेकिन ईरानी टीम को अमेरिका में ठहरने की अनुमति नहीं मिली है। अमेरिकी प्रशासन ने टीम को केवल मैच खेलने के लिए प्रवेश की मंजूरी दी है। इसी कारण ईरान की टीम ने अपना बेस कैंप मेक्सिको के तिजुआना शहर में बनाया है और वहीं से अपने मुकाबलों की तैयारी कर रही है।
इसी बीच ईरान फुटबॉल फेडरेशन (FFIRI) ने मंगलवार (स्थानीय समय) को जानकारी दी कि टीम के विंगर मेहदी तोराबी का अमेरिकी वीजा समाप्त हो गया है। फेडरेशन के अनुसार, लॉस एंजिल्स में फीफा विश्व कप 2026 के पहले मैच के लिए अमेरिका की गई उनकी एकल यात्रा के बाद वीजा की वैधता खत्म हो गई। ऐसे में आगामी मैचों के लिए उनकी यात्रा को लेकर नई प्रशासनिक प्रक्रिया अपनानी पड़ सकती है।
अब ईरान के फुटबॉल फेडरेशन (FFIRI) की तरफ से बयान सामने में आया है। एफएफआईआरआई के प्रवक्ता ने कहा है- "टीम के खिलाड़ियों को संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा के लिए बहु-प्रवेश वीजा जारी किया गया था, मेहदी तोराबी का वीजा केवल एक प्रवेश के लिए वैध था। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के लिए टीम की लॉस एंजिल्स यात्रा और उस खेल के समापन के बाद, उनका वीजा अब समाप्त हो गया है। ईरान फुटबॉल फेडरेशन ने तोराबी के लिए नया वीजा प्राप्त करने के लिए कार्रवाई की है ताकि वह आगामी मैचों में राष्ट्रीय टीम के साथ रहना जारी रख सकें।"
ईरान की टीम इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रही है। ग्रुप चरण के मुकाबलों के लिए उसे अपने टूर्नामेंट बेस तिजुआना से यात्रा करनी पड़ रही है, जो मेक्सिको का अमेरिका से सटा सीमावर्ती शहर है। अमेरिका और इजराइल के साथ जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच ईरानी टीम विश्व कप में हिस्सा लेने पहुंची है।
ये भी पढ़ें: Lionel Messi ने FIFA World Cup में रचा नया कीर्तिमान, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बने
वीजा और प्रवेश संबंधी अनिश्चितताओं को देखते हुए ईरान ने अपना विश्व कप बेस कैंप अमेरिका के एरिजोना से हटाकर मेक्सिको के तिजुआना में स्थानांतरित कर दिया था। यह फैसला इस आशंका के चलते लिया गया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को टूर्नामेंट के लिए आवश्यक यात्रा दस्तावेज और वीजा समय पर मिल पाएंगे या नहीं।