Fifa World Cup 2026 Updates: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को एक बहुत बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वैंकूवर के मशहूर बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए ग्रुप डी के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने हर किसी को हैरान कर दिया। कंगारू टीम ने अपने दमदार खेल के दम पर तुर्की को एकतरफा अंदाज में 2-0 से धूल चटा दी।
इस ऐतिहासिक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के युवा गोलकीपर पैट्रिक बीच ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया और पहली ही बार में छा गए। वहीं, मैच में नेस्टोरी इरनकुंडा और कॉनर मेटकाफ ने बेहतरीन गोल दागकर अपनी टीम की झोली में एक यादगार जीत डाल दी। ऑस्ट्रेलिया की टीम मैच की शुरुआत से ही तुर्की के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाती हुई नजर आई। मैच के 27वें मिनट में पॉल ओकॉन-एंगस्टलर ने नेस्टोरी इरानकुंडा को एक जादुई पास दिया। 20 साल के युवा इरानकुंडा ने बिना कोई गलती किए डिफेंडर को छकाया और गेंद को सीधे गोल पोस्ट में डाल दिया। इस गोल के साथ ही वह फीफा वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद तुर्की की टीम ने मैच में वापसी करने और स्कोर बराबर करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। मगर ऑस्ट्रेलिया के नए-नवेले गोलकीपर पैट्रिक बीच दीवार बनकर खड़े रहे। उन्होंने कई शानदार और हैरान करने वाले बचाव किए, जिसके चलते पहला हाफ खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया की टीम 1-0 से आगे बनी रही।
यह भी पढ़ें- ‘सिर्फ जीत से काम नहीं चलेगा…’, पाकिस्तान मैच से पहले अभिषेक नायर ने टीम इंडिया को दी ये बड़ी चेतावनी
दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया और ज्यादा आक्रामक नजर आया। मैच के 53वें मिनट में कॉर्नर किक पर हैरी साउटर ने हेडर से गोल करने की कोशिश की, जिसे तुर्की के गोलकीपर उगुरकान काकिर ने रोक लिया। इसके बाद 56वें मिनट में तुर्की के स्टार खिलाड़ी अर्दा गुलेर ने एक तेज शॉट लगाया, लेकिन पैट्रिक बीच ने डाइव लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में जाने से रोक दिया।
मैच के 75वें मिनट में कॉनर मेटकाफ ने एक शानदार गोल करके ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को 2-0 कर दिया। इस गोल ने तुर्की की वापसी की बची-खुची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। इसके बाद तुर्की की टीम अंत तक कोई गोल नहीं कर सकी। आपको बता दें कि साल 2006 के बाद यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया ने फीफा वर्ल्ड कप के अपने पहले ही मैच में जीत दर्ज की है।