मैड्रिड: लिवरपूल के खेलने वाले पुर्तगाल के खिलाड़ी डियोगो जोटा की मौत 3 जुलाई को कार हादसे में हो गई है। इस हादसे में उनके भाई की भी मौत हो गई है। पुर्तगाल के खिलाड़ी डियोगो जोटा की शादी महज 10 दिन पहले ही हुई थी। ऐसे में यह सभी के एक बड़ा सदमा है। पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि करते हुए श्रद्धांजलि दी।
पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने सोशल मीडिया पर लिखते हुए कहा कि आज सुबह स्पेन से आई दुखद खबर ने पूरे पुर्तगाली फुटबॉल समुदाय को स्तब्ध और शोकाकुल कर दिया है। पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डिओगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा के आकस्मिक निधन से हम सभी गहरे शोक में हैं।
जोटा ने पुर्तगाल के नेशनल ए टीम के लिए लगभग 50 मैच खेले थे। डियोगो एक असाधारण व्यक्ति भी थे। जिनका सभी साथी खिलाड़ी के साथ विपक्षी टीम के खिलाड़ी भी सम्मान करते थे। वह अपने हंसमुख स्वभाव और सकारात्मक ऊर्जा के कारण हर दिल में बसते थे। वहीं उनका भाई आंद्रे सिल्वा भी एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी थे, जिनका भविष्य उज्ज्वल था।
पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ, डिओगो और आंद्रे के परिवार व मित्रों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता है। हम लिवरपूल एफसी और एफसी पेनाफेल के प्रति भी सहानुभूति व्यक्त करते हैं। वे क्लब जहां ये दोनों खिलाड़ी अपने-अपने स्तर पर फुटबॉल में योगदान दे रहे थे।
डियोगो जोटा का जन्म 4 दिसंबर 1996 को पुर्तगाल के पोर्तो शहर में हुआ था। फुटबॉल के प्रति उनका जुनून कम उम्र में ही साफ नजर आने लगा था। 2014 में उन्होंने पहली बार पुर्तगाल की अंडर-19 टीम में जगह बनाई और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके पांच साल बाद, 2019 में उन्हें सीनियर राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में जोटा ने कुल 49 मैचों में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए 14 गोल किए।
2020 में डियोगो जोटा इंग्लिश क्लब लिवरपूल एफसी से जुड़े और अगले पांच वर्षों में उन्होंने क्लब के लिए 123 मुकाबले खेले, जिनमें उन्होंने 47 गोल दागे। मैदान पर वे मुख्य रूप से फॉरवर्ड और लेफ्ट विंगर की भूमिका निभाते थे। उनकी स्पीड, तकनीकी कौशल और गोल करने की क्षमता ने उन्हें दुनिया के बेहतरीन फॉरवर्ड्स में शामिल कर दिया था।
हाल ही में, जोटा ने निजी जीवन में भी एक नई शुरुआत की थी। उन्होंने अपनी लंबे समय की साथी रयूट कार्डोसो से 22 जून 2025 को विवाह किया। शादी के कुछ दिन बाद ही इस जोड़े ने अपने खूबसूरत पलों की तस्वीरें साझा की थीं। इतना ही नहीं, शादी का वीडियो उनकी पत्नी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिससे यह खुशी भरा अवसर उनके प्रशंसकों के साथ भी जुड़ सका। डियोगो और रयूट तीन बच्चों के माता-पिता भी हैं और वे एक खुशहाल परिवार के रूप में जीवन बिता रहे थे। लेकिन इस हादसे ने सभी को झकझोर के रख दिया।