Shubman Gill Injury Suspense In Day 2 Warm-Up Match: श्रीलंका XI ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच में अपनी पहली पारी 368 रन बनाकर घोषित कर दी है। दूसरे दिन श्रीलंकाई टीम बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरी और पारी घोषित करने का फैसला किया। इसके बाद यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे। हालांकि, इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें कप्तान शुभमन गिल पर टिकी हैं, जिनकी वापसी को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है।
शुभमन गिल को गुरुवार को अभ्यास के दौरान दाहिनी हाथ की उंगली में चोट लगी थी। इसी वजह से वो वॉर्मअप मैच के पहले दिन फील्डिंग करने नहीं उतरे थे। उनकी गैरमौजूदगी में उपकप्तान केएल राहुल ने टीम की कप्तानी संभाली और टॉस के लिए भी वही मैदान पर आए थे। अब दूसरे दिन गिल टीम के लिए मैदान पर उतरेंगे या नहीं, इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है। BCCI की ओर से उनकी फिटनेस पर अभी तक कोई नया अपडेट नहीं दिया गया है।
इस बीच गिल की चोट को लेकर टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर, मेडिकल स्टाफ और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच के बीच बैठक हुई। बताया गया कि बैठक से पहले गंभीर सामान्य और अच्छे मूड में नजर आ रहे थे, लेकिन बैठक के बाद उनके चेहरे के भाव बदले हुए दिखाई दिए। हालांकि, इस बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले दिन भारतीय गेंदबाजों को श्रीलंका XI के बल्लेबाजों के खिलाफ विकेट हासिल करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। 171 रन के स्कोर तक भारत सिर्फ एक विकेट ले पाया था। हालांकि, आखिरी सेशन में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने वापसी की और लगातार विकेट हासिल किए। इसके बावजूद श्रीलंका XI ने दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट पर 368 रन बना लिए।
शुभमन गिल की चोट ऐसे समय पर आई है जब भारतीय टीम 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने वाली है। इसलिए टीम मैनेजमेंट गिल को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा। कप्तान की फिटनेस टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए बेहद अहम है।
ध्यान देने वाली बात ये है कि गिल खुद कुछ हफ्ते पहले लगातार चोटिल होने वाले खिलाड़ियों को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर खिलाड़ी दो-तीन मैचों की सीरीज में ही चोटिल होते रहेंगे, तो 2027 वनडे वर्ल्ड कप में लगातार 11 मैच खेलना कैसे संभव होगा। अब खुद गिल के चोटिल होने के बाद उनका ये बयान चर्चा में आ गया है।
गिल को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भी चोट का सामना करना पड़ा था। वो 80 रन के स्कोर पर हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए थे। इसके अलावा आईपीएल 2026 में गर्दन में खिंचाव की वजह से उन्हें कुछ मुकाबले छोड़ने पड़े थे। ऐसे में श्रीलंका सीरीज से पहले उनकी उंगली की चोट भारतीय टीम के लिए नई चिंता बन गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि शुभमन गिल दूसरे दिन मैदान पर लौटते हैं या नहीं।