Sanju Samson break Rohit Sharma's Record: संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। अभिषेक शर्मा जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने जिम्मेदारी निभाते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों को खूब धोया। संजू ने इस मुकाबले में 42 गेंदों का सामाना करते हुए 89 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा के एक खास रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ संजू सैमसन की 89 रनों की पारी बेहद खास रही। उनकी इस पारी में कुल 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही उन्होंने एक टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का गौरव हासिल किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक कुल 16 छक्के लगा चुके हैं। वहीं, साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा ने 15 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर 15 छक्कों के साथ शिवम दुबे हैं। उन्होंने भी इसी साल के वर्ल्ड कप में 15 छक्के लगाए हैं। वहीं, 14 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर ईशान किशन, व पांचवे पर हार्दिक पांड्या हैं। अंत में 12 छक्कों के साथ युवराज सिंह लिस्ट में छठे स्थान पर हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में विराट कोहली का प्रदर्शन हमेशा शानदार रहा है। अब इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 89 रनों की दमदार पारी खेलकर संजू सैमसन ने उनके एक खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस पारी के साथ संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के एक ही टूर्नामेंट में दो बार 75 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि विराट कोहली ने 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में हासिल की थी।
इसके अलावा भारतीय टीम की ओर से टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने के मामले में भी सैमसन ने कोहली की बराबरी कर ली है। दोनों खिलाड़ियों के नाम पर अब 89-89 रनों की पारी दर्ज है, जो इस बड़े मंच पर भारतीय बल्लेबाजों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जाता है।