स्पोर्ट्स डेस्क: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर जल्द ही मैदान पर वापसी करने वाले हैं। सचिन तेंदुलकर एक बार फिर भारतीय टीम की अगुवाई करते दिखेंगे। इंटरनेशनल मास्टर्स लीग में सचिन तेंदुलकर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। इंटरनेशनल मास्टर्स लीग का आयोजन 22 फरवरी से 16 मार्च तक भारत में किया जाएगा।
इंटरनेशनल मास्टर्स लीग में टूर्नामेंट में भारत के अलावा श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज हैं। पूर्व महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ‘वेटरंस' खिलाड़ियों के इस टूर्नामेंट के आयुक्त हैं। इस टूर्नामेंट को भारत के तीन स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम, राजकोट का निरंजन शाह स्टेडियम और रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स लीग के मैचों की मेजबानी करेंगे।
वेस्टइंडीज की कमान महान बल्लेबाज ब्रायन लारा में हाथों में होगी जबकि श्रीलंका की टीम की अगुआई दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा करंगे। सर्वकालिक महान ऑलराउंडर जैक कैलिस दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी करेंगे जबकि पूर्व स्टार इयोन मोर्गन इंग्लैंड की कप्तानी करेंगे और ऑस्ट्रेलिया टीम की जिम्मेदारी शेन वॉटसन के हाथों में हैं।
लीग के आयुक्त गावस्कर ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स लीग क्रिकेट को गौरवांवित करती है क्योंकि यह खेल के कुछ सर्वकालिक शीर्ष खिलाड़ियों को एक साथ लाती है।
सचिन तेंदुलकर ने 200 टेस्ट मैच खेले। 51 शतक और 68 अर्धशतकों की मदद से 15921 रन बनाए। उनकी औसत 53.78 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 248* रन रहा। सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट करियर में 46 विकेट लिए। सचिन तेंदुलकर ने 463 वनडे मैच खेले। 49 शतक और 96 अर्धशतकों की मदद से 18426 रन बनाए। उनकी औसत 44.83 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 200* रन रहा। सचिन तेंदुलकर ने वनडे करियर में 154 विकेट लिए। सचिन तेंदुलकर ने एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेला। उन्होंने 10 रन बनाए और एक विकेट लिया।