RCB Script History: आईपीएल 2026 का 26वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। आईपीएल के इतिहास में एक ही मैदान पर 100 मैच खेलने वाली पहली टीम बन गई है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने यह उपलब्धि अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पूरा किया। इस मैदान पर आरसीबी अपना 100वां मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेल रहा है। यह मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से खेली जा रही है। इस सूची में दूसरे स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स है, जिसने अपने घरेलू मैदान इडेन गार्डन्स में अब तक 98 मैच खेले हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस खास उपलब्धि को “ग्रीन डे” पहल के साथ भी जोड़ा। इस मौके पर टीम ने पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए सस्टेनेबल तरीके से तैयार की गई हरी जर्सी पहनी। इस सीजन में भी RCB ने अपने घरेलू मैचों का बंटवारा किया है। टीम ने सात में से पांच मैच चिन्नास्वामी में और दो मैच रायपुर को वैकल्पिक वेन्यू के रूप में खेलने का फैसला किया है।
हालांकि, हाल के समय में चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर माहौल मिला-जुला रहा है। 2025 में बेंगलुरु के पहले IPL खिताब के जश्न के दौरान हुई दुखद घटना में 11 फैंस की मौत ने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर दिया था। इसके बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और बड़े आयोजनों की क्षमता पर गंभीर सवाल उठे।
यह भी पढ़ें: RCB vs DC: दिल्ली ने जीता टॉस, बेंगलुरु पहले करेगी बल्लेबाजी; ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग-11
एक समय ऐसा भी आया जब स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए अस्थायी रूप से अनुपयुक्त माना गया, जिसके चलते यह कुछ बड़े टूर्नामेंट और घरेलू मैचों की मेज़बानी से वंचित रहा। बाद में कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन, फ्रेंचाइज और राज्य सरकार के सहयोग से सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के कदम उठाए गए।
आरसीबी सीजन के 5 मैचों में 4 जीत के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। टीम ने पिछले 2 मैच जीते हैं और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होम ग्राउंड में होने वाले मुकाबले में अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के उद्देश्य से उतरी है।