IPL 2026 PBKS vs LSG 29th Match Highlight: आईपीएल 2026 का 29वां मुकाबला मुल्लांपुर न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। इस मैच में पंजाब किंग्स ने ऋषभ पंत की लखनऊ को 54 रन से बड़ी शिकस्त दी। इससे पहले LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पंजाब को बल्लेबाजी का न्योता दिया। पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली की दमदार पारी बदलौत आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा स्कोर खड़ कर दिया। पंजाब ने 20 ओवर में 254 रन का पहाड़नुमा स्कोर खड़ा कर दिया। इसके जवाब में लखनऊ सुपर जाएंट्स 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना सकी। इस तरह से पंजाब ने इस मैच को 54 रन से अपने नाम कर लिया।
पंजाब किंग्स की इस खास जीत के सबसे बड़े सूत्रधार युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली रहे। इन दोनों ने टीम की बल्लेबाजी के वक्त ही आधा मुकाबला अपने पक्ष में कर दिया। प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली की विस्फोटक पारियों ने लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और टीम को 254 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। पंजाब ने इस मैच में 250 से अधिक रन बनाकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और लखनऊ के खिलाफ ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई।
पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 80 गेंदों में 182 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर दी। दोनों बल्लेबाजों ने लखनऊ के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। प्रियांश ने 37 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि कूपर कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रन बनाए। दोनों ने मिलकर 16 छक्के और 12 चौके जड़े और लगभग पूरे मैच को एकतरफा बना दिया। हालांकि दोनों खिलाड़ी अपने शतक से थोड़े दूर रह गए।
पारी का 13वां ओवर इस मैच का सबसे अहम और विस्फोटक ओवर साबित हुआ। लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से यह ओवर एडन मारक्रम ने डाला, लेकिन उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी। ओवर की पहली तीन गेंदों पर कूपर कोनोली ने लगातार तीन छक्के जड़ दिए, जिससे गेंदबाज दबाव में आ गए। इसके बाद एक वाइड गेंद आई और फिर एक रन बना। ओवर की आखिरी दो गेंदों पर प्रियांश आर्या ने भी अपना जलवा दिखाया। उन्होंने पांचवीं गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर शानदार छक्का लगाया, जबकि अंतिम गेंद पर सीधा शॉट खेलकर एक और छक्का जड़ दिया। इस तरह इस एक ही ओवर में कुल 32 रन बने, जिसने मैच की दिशा पूरी तरह बदल दी।
इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई। प्रिंस यादव के अलावा सभी गेंदबाजों ने 10 से उपर की इकोनॉमी के साथ रन लुटाए। यदि बात करें विकेट की तो प्रिंस यादव और मणिमारन सिद्धार्थ ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 विकेट मिला।
पंजाब किंग्स के 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत शानदार रही। आयुष बडोनी और मिचेल मार्श ने पावरप्ले में 61 रन जोड़कर टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। लेकिन छठे ओवर की आखिरी गेंद पर बडोनी आउट हो गए और इसके बाद मार्श भी 40 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 11.1 ओवर तक लखनऊ ने 109 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद टीम की रनगति धीमी पड़ गई और दबाव बढ़ता गया।
ये भी पढ़ें: प्रियांश और कूपर ने उधेड़ी एडन मार्करम की बखिया, आईपीएल 2026 में बनाया ये शर्मनाक रिकॉर्ड
इसके बाद लखनऊ की पारी पूरी तरह बिखर गई और टीम 139 रन तक 4 विकेट गंवा बैठी। एडेन मार्करम और मुकुल चौधरी ने अंत में संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके। लखनऊ की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 200 रन ही बना सकी और पंजाब किंग्स ने यह मुकाबला 54 रनों से अपने नाम कर लिया।