जवागल श्रीनाथ 229 मैचों में 315 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल वनडे तेज गेंदबाज बने।
कपिल देव के बाद यह मुकाम पाने वाले दूसरे भारतीय पेसर (कुल 236 विकेट)।
1992 से 2003 तक लगातार चार वर्ल्ड कप खेलकर 44 विकेट झटके।
टेस्ट क्रिकेट में 1,009 रन और 200+ विकेट लेने का खास कारनामा किया।
Javagal Srinath Test Debut And Records: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 29 नवंबर की तारीख एक सुनहरे अध्याय के रूप में दर्ज है। आज से ठीक 35 साल पहले, यानी 29 नवंबर 1991 को भारत को एक ऐसा तेज गेंदबाज मिला था, जिसने अपनी रफ्तार से दुनिया भर के दिग्गज बल्लेबाजों के मन में खौफ पैदा कर दिया था। हम बात कर रहे हैं 'मैसूर एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ की।
जवागल श्रीनाथ आज ही के दिन अपना अंतरराष्ट्रीय टेस्ट डेब्यू किया था। करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले श्रीनाथ ने अपने 11 साल लंबे टेस्ट करियर में 67 मैच खेलकर 236 विकेट अपने नाम किए। आइए आज इस खास मौके पर उनके करियर से जुड़े कुछ बेहतरीन रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
दरअसल, जवागल श्रीनाथ ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत साल 1991 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिसबेन के गाबा मैदान से की थी। उस ऐतिहासिक मुकाबले में श्रीनाथ को कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, रवि शास्त्री, संजय मांजरेकर, क्रिस श्रीकांत, मनोज प्रभाकर, किरण मोरे और वेंकटपति राजू जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिला।
हालांकि, भारत को उस मैच में 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन श्रीनाथ ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 59 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए और अपनी रफ्तार से सभी का ध्यान खींचा। इसके बाद वह अगले 11 सालों तक भारतीय तेज गेंदबाजी की रीढ़ बने रहे। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2002 के बीच कोलकाता के ईडन गार्डंस में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।
एक गेंदबाज के तौर पर श्रीनाथ ने कई ऐसे स्पेल डाले जो आज भी याद किए जाते हैं। टेस्ट क्रिकेट के एक मैच में हारने वाली टीम की तरफ से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने का विश्व रिकॉर्ड दिसंबर 2021 तक श्रीनाथ के ही नाम था। साल 1999 में 16 फरवरी को कोलकाता में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में उन्होंने कहर बरपाते हुए 46 ओवर में 10 मेडन के साथ 132 रन देकर 13 विकेट झटके थे।
इसमें दूसरी पारी में 86 रन देकर 8 विकेट लेना उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। इस लिस्ट में अब न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल शीर्ष पर हैं, जिन्होंने दिसंबर 2021 में वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ एक मैच में 225 रन देकर 14 विकेट लिए थे। श्रीनाथ अब इस खास सूची में दूसरे पायदान पर हैं।
क्रिकेट के मैदान को अलविदा कहने के बाद भी श्रीनाथ का इस खेल से नाता नहीं टूटा। साल 2006 में आईसीसी मैच रेफरी बनने के बाद उन्होंने इस भूमिका में भी शानदार मुकाम हासिल किया है। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैचों में रेफरी की भूमिका निभाने वाले वह इकलौते भारतीय हैं।
श्रीनाथ अब तक 91 टेस्ट मैचों में मैच रेफरी रह चुके हैं और इस मामले में दुनिया के पांचवें सबसे अनुभवी रेफरी हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ श्रीलंका के रंजन मदुगले, न्यूजीलैंड के जेफ क्रो, इंग्लैंड के क्रिस ब्रॉड और जिम्बाब्वे के एंडी पाइक्रॉफ्ट ही हैं।
ऑलराउंड प्रदर्शन: श्रीनाथ टेस्ट क्रिकेट में 1,000 से ज्यादा रन (1009 रन) बनाने और 100 से अधिक विकेट (236 विकेट) लेने वाले खिलाड़ियों के खास क्लब में शामिल हैं।
पारी के सर्वश्रेष्ठ आंकड़े: एक टेस्ट पारी में हारने वाली टीम की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी (8/86) करने के मामले में वह दुनिया के छठे गेंदबाज हैं।
विकेट के पीछे शिकार: श्रीनाथ ने अपने टेस्ट करियर में विकेटकीपर के हाथों कुल 63 बल्लेबाजों को कैच आउट करवाया है।
लगातार पांच विकेट: टेस्ट क्रिकेट में लगातार पारियों में पांच विकेट हॉल लेने के मामले में भी उनका नाम शीर्ष गेंदबाजों में शुमार है, जहां उन्होंने यह कारनामा तीन बार किया है।