नाथन लियोन और यशस्वी जायसवाल (सौजन्यः सोशल मीडिया)  
क्रिकेट

बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी: यशस्वी के यश से भयभीत हो रहे नाथन लियोन, इंग्लिश स्पिनर से लिए टिप्स

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से पांच टेस्ट मैचों की बोर्डर-गावस्कर सीरीज शुरू हो रही है। दिग्गज ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने भारत के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल से निपटने के लिए इंग्लैंड के स्पिनर टॉम हार्टले से सलाह ली है।

मृणाल पाठक

सिडनी: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जानी है। जिसका आगाज 22 नवंबर से होने वाला है। इस सीरीज का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। भारत लगातार दो सीरीज जीत चुका है। ऐसे में इस बार टीम इंडिया की नजरें हैट्रिक लगाने पर होगी। हालांकि ऑस्ट्रेलिया भी इस बार अपना दम दिखाने की कोशिश में रहेगा। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने भारत के उभरते हुए स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल से निपटने के लिए इंग्लैंड के स्पिनर टॉम हार्टले से सलाह ली है।

पिछले साल वेस्टइंडीज में पदार्पण पर शतक बनाने वाले जायसवाल ने इस साल की शुरुआत में घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला में 712 रन बनाए थे लेकिन ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर मिलने वाली गति और उछाल मुंबई के इस बल्लेबाज के लिए अलग चुनौती पेश करेगी।

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो' ने लियोन के हवाले से कहा, ‘‘मेरा अभी तक उनसे (जायसवाल) सामना नहीं हुआ है लेकिन यह हम सभी गेंदबाजों के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से वह (जायसवाल) इंग्लैंड के खिलाफ खेला, मैंने उसे काफी करीब से देखा और मुझे लगा कि यह शानदार था।''

लियोन ने कहा, ‘‘मैंने टॉम हार्टले (इंग्लैंड के बाएं हाथ के स्पिनर) के साथ अलग-अलग गेंदबाजों के खिलाफ उसके खेलने के तरीकों के बारे में काफी अच्छी बातचीत की जो मुझे काफी दिलचस्प लगी।'' लियोन लंकाशर की ओर से इंग्लिश काउंटी में खेले और उन्हें हार्टले के साथ बातचीत करने का मौका मिला जिन्होंने भारत के खिलाफ चार टेस्ट मैच में 20 विकेट लिए थे और वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें जायसवाल के खिलाफ खेलने का अनुभव है।

ऑस्ट्रेलिया ने 2014-15 में बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2-0 से जीतने के बाद से भारत के खिलाफ अगली चार श्रृंखलाएं गंवाई हैं। इनमें से दो श्रृंखलाएं विराट कोहली (2016-17, 2018-19) की अगुआई में जबकि एक-एक अजिंक्य रहाणे (2021) और रोहित शर्मा (2023) की अगुआई में खेली गई। लियोन के अलावा 2014-15 श्रृंखला में खेलने वाले जोश हेजलवुड अब भी ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा हैं और उन्होंने स्वीकार किया कि भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के हालिया परिणाम उनके रिकॉर्ड में एक बड़ी कमी दर्शाते हैं।

लियोन ने कहा, ‘‘यह दस साल का अधूरा काम है, यह काफी लंबा समय रहा है और मुझे पता है कि हम चीजों को बदलने के लिए बेहद भूखे हैं, खासकर यहां घरेलू मैदान पर।'' उन्होंने कहा, ‘‘मुझे गलत मत समझिए, भारत एक सुपरस्टार टीम है और उनका सामना करना बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन मैं चीजों को बदलने के लिए बेहद भूखा हूं और यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि हम उस ट्रॉफी को वापस लाएं।''

(एजेंसी इनपुट के साथ)

दिल्ली में प्रदूषण को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, जंतर-मंतर बंद करने पर उठाए सवाल; बोले- हमारी आवाज दबाई जा रही

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां, आवेदन फॉर्म भी 70% तक हुए छोटे

MODI कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: विश्वस्तरीय संग्रहालय से युवा स्टार्टअप तक, सरकार के बड़े ऐलान

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज