Mayank Yadav IPL 2026: आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ी राहत मिली है। टीम के तेज गेंदबाज मयंक यादव ने लंबे समय बाद चोट से उबरकर प्लेइंग इलेवन में वापसी कर ली है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में उनकी एंट्री ने लखनऊ के गेंदबाजी आक्रमण को नई ताकत दी है।
करीब एक साल तक मैदान से दूर रहने के बाद मयंक यादव ने आखिरकार प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी की है। पिछले साल मई में उन्हें लोअर बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ था, जिसके चलते वह लंबे समय तक बाहर रहे। हालांकि टी20 वर्ल्ड कप से पहले उन्होंने इंडिया-ए के लिए अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ कुछ अभ्यास मैच खेले थे, लेकिन आईपीएल 2026 में यह उनका पहला मुकाबला है। बीसीसीआई से फिटनेस की मंजूरी मिलने के बावजूद लखनऊ मैनेजमेंट ने उन्हें जल्दबाजी में खिलाने का जोखिम नहीं लिया और पूरी तरह फिट होने के बाद ही मौका दिया।
मयंक यादव ने आईपीएल 2024 में अपनी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने सिर्फ 4 मैचों में 7 विकेट लेकर अपनी काबिलियत दिखाई थी। 150 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की स्पीड से गेंदबाजी कर उन्होंने बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थीं। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें टीम इंडिया में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू का मौका भी मिला। हालांकि इसके बाद चोटों ने उनके करियर की रफ्तार को थोड़ा धीमा कर दिया और 2025 सीजन में वह सिर्फ दो मैच ही खेल सके।
लगातार चोटों के बावजूद लखनऊ सुपर जायंट्स ने मयंक यादव पर भरोसा बनाए रखा और उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया। दिल्ली के इस युवा तेज गेंदबाज से टीम को बड़ी उम्मीदें हैं। राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने आवेश खान की जगह ली, जबकि टीम ने एक और बदलाव करते हुए दिग्वेश राठी को मणिमारन सिद्धार्थ की जगह शामिल किया।
ये भी पढ़ें: CSK के खिलाफ मैच से पहले रोहित शर्मा की इंजरी पर आया बड़ा अपडेट, जानें मुकाबला खेलेंगे या फिर नहीं?
मुकाबले में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। कप्तान ऋषभ पंत ने स्वीकार किया कि टीम को इस सीजन में घरेलू मैदान पर जीत हासिल करने में मुश्किलें आई हैं, लेकिन वह इसे चुनौती के रूप में देख रहे हैं। अब सभी की निगाहें मयंक यादव पर टिकी हैं कि क्या वह अपनी तेज रफ्तार और धारदार गेंदबाजी से टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा पाएंगे।