IND vs AUS 4th T20 Match Report: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज के चौथे मैच में 48 रन से हरा दिया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने 167 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया 18.2 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई। कुछ इस तरह से ऑस्ट्रेलिया को सीरीज के चौथे मैच में भारतीय टीम ने धूल चटाई।
हालांकि इस मुकाबले में किसी भी भारतीय बल्लेबाज ने फिफ्टी नहीं लगाई, लेकिन उपकप्तान शुभमन गिल ने कुछ बेहतरीन शॉट लगाए। उन्होंने टीम के लिए सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। गिल को नॉथन एलिस ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा शुरुआत में अभिषेक शर्मा ने 28 रन बनाए। वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शिवम दुबे में 22 रन की छोटी पारी खेली। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 200 के स्ट्राइक रेट के साथ 20 रन बनाए। अंत में अक्षर पटेल 11 गेंदों का सामना करते हुए 21 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 3-3 विकेट नाथन एलिस और एडम जैम्पा ने लिए। एलिस ने शुभमन गिल, शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर को अपना शिकार बनाया। वहीं, एडम जैम्पा ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और जितेश शर्मा को आउट किया। जेवियर बार्टलेट और मार्कस स्टाइनिस को 1-1 विकेट मिला।
इस मुकाबले में टीम इंडिया की जीत के लिए हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बल्लेबाजी में 11 गेंदों का सामना करते हुए तेज तर्रार अंदाज में 21 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में भी उन्होंने मैथ्यू शॉर्ट और जॉश इंग्लिश को आउट कर 2 विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के लिए अक्षर पटेल को 'प्लेयर ऑप द मैच' का अवॉर्ड दिया गया।
भारत के द्वारा दिए गए 167 रनों के पीछा करते हुए कंगारू टीम 119 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान मिचेल मार्श ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 30 रन बनाए। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट ने 25 रन की पारी खेली। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा कोई भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज 20 रन का भी आंकड़ा नहीं छू सका।
भारतीय टीम के लिए इस मुकाबले में स्पिन गेंदबाज वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 विकटे मिला।