नई दिल्ली: महिला एशिया कप के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की एंट्री हो गई है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश को 10 विकेट से हराकर फाइनल की टिकट कटवाई है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम बांग्लादेश केवल 80 रन ही बना पाई। भारत ने 11 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। इस दौरान उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने नाबाद फिफ्टी लगाई।
बांग्लादेश के दिए 80 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने महज 11 ओवरों में ही जीत हासिल कर ली। स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने शानदार खेल दिखाया। मंधाना ने 39 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 55 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 1 छक्का भी जड़ा। जबकि शैफाली ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 26 रन बनाए।
जानकारी के लिए बता दें कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते आई बांग्लादेश की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर केवल 80 रन ही बना सकी। टीम के लिए कप्तान निगरा सुल्तान ने सबसे ज्यादा 32 रनों की पारी खेली। इसके बाद शोरना अख्तर ने नाबाद 19 रन बनाए। इस दौरान टीम इंडिया की ओर रेणुका और राधा ने घातक गेंदबाजी की। दोनों गेंदबाज ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकर ने भी एक-एक विकेट झटके।
यह भी पढ़ें- भारतीय टीम को लीड करने उत्सुक है सूर्यकुमार, कप्तानों से सीखा है काफी कुछ, देखें वीडियो
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने अब तक एशिया कप के इतिहास में रिकॉर्ड 7 बार खिताब जीता है। महिला एशिया कप में टीम इंडिया ने ही राज किया है। ऐसे में अब टीम इंडिया एक बार फिर खिताब जीतने के बेहद करीब आ गई है। ऐसे में अब एक बार फिर भारतीय टीम कोशिश करेगी वह अपने खिताब की गिनती को बढ़ाते रहे।