Ruturaj Gaikwad Named West Zone Captain In Duleep Trophy: दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए वेस्ट जोन टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। 29 वर्षीय गायकवाड़, जो आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हैं, हाल ही में श्रीलंका में हुई इंडिया 'ए' त्रिकोणीय सीरीज में तिलक वर्मा के डिप्टी भी रहे थे। वहीं मुंबई के ऑलराउंडर शम्स मुलानी को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
वेस्ट जोन की टीम में मुंबई के कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को जगह मिली है। टीम में शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, मुशीर खान, तुषार देशपांडे और तनुष कोटियन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। यह चयन घरेलू क्रिकेट में मुंबई के मजबूत प्रदर्शन को भी दर्शाता है।
इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा पृथ्वी शॉ की वापसी को लेकर है। पिछले सीजन मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र से जुड़ने वाले शॉ को इस बार वेस्ट जोन टीम में जगह मिली है। 2017 में महज 17 साल की उम्र में पहली बार दलीप ट्रॉफी टीम का हिस्सा बने शॉ का करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। पिछले सीजन उन्हें वेस्ट जोन की टीम में जगह नहीं मिली थी, जबकि उन्होंने 2024 के बाद से आईपीएल में भी कोई मुकाबला नहीं खेला है। ऐसे में दलीप ट्रॉफी उनके लिए घरेलू सीजन में दमदार वापसी का बड़ा मौका होगी।
बीसीसीआई ने इस बार पुराने प्रारूप को बदलते हुए दोबारा पारंपरिक जोनल नॉकआउट फॉर्मेट को लागू किया है, जिसके तहत इस बार कुल 6 क्षेत्रीय टीमें खिताबी जंग में उतरेंगी। इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले जोन्स में वेस्ट जोन, नॉर्थ जोन, साउथ जोन, सेंट्रल जोन, ईस्ट जोनऔर नॉर्थ ईस्ट जोनशामिल हैं। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले बेंगलुरु स्थित 'बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में खेले जाएंगे।
| तारीख | मुकाबला / चरण | आमने-सामने की टीमें | स्थान (वेन्यू) |
|---|---|---|---|
| 23 अगस्त 2026 | पहला क्वार्टर फाइनल | ईस्ट जोनबनाम नॉर्थ ईस्ट जोन | बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु |
| 23 अगस्त 2026 | दूसरा क्वार्टर फाइनल | वेस्ट जोनबनाम नॉर्थ जोन | बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु |
| 30 अगस्त 2026 | पहला सेमीफाइनल | सेंट्रल जोनबनाम क्वार्टर फाइनल 1 का विजेता | बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु |
| 30 अगस्त 2026 | दूसरा सेमीफाइनल | साउथ जोन बनाम क्वार्टर फाइनल 2 का विजेता | बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु |
| 06 सितंबर 2026 | ग्रैंड फाइनल | सेमीफाइनल 1 का विजेता बनाम सेमीफाइनल 2 का विजेता | बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु |
पिछले दलीप ट्रॉफी सीजन में वेस्ट जोन की टीम सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन से पहली पारी की बढ़त के आधार पर हार गई थी। राजत पाटीदार की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन ने बाद में फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया था।
दलीप ट्रॉफी 2026-27 की शुरुआत 23 अगस्त से होगी। इस बार टूर्नामेंट के सभी मुकाबले बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु में खेले जाएंगे। घरेलू क्रिकेट के नए सीजन की शुरुआत माने जाने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कई खिलाड़ी भारतीय टीम में वापसी और भविष्य की दावेदारी मजबूत करने के इरादे से उतरेंगे।
यह भी पढ़ें:- वर्ल्ड कप में रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी का मिला इनाम, डैनी वायट-हॉज बनीं ICC प्लेयर ऑफ द मंथ
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उपकप्तान), हार्विक देसाई (विकेटकीपर), उर्विल पटेल (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, सिद्धार्थ देसाई, सरफराज खान, मुशीर खान, अतीत शेठ, मुकेश चौधरी, तनुष कोटियन, शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे।