BCCI IPL Governing Council Election Arun Dhumal Re-election: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दो सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी एके जोती ने संविधान के नियम 28 के तहत चुनाव का नोटिस जारी किया है। दोनों पदों के लिए चुनाव 18 सितंबर को होने वाली बीसीसीआई की सालाना आम बैठक में होगा।
बीसीसीआई के संविधान के अनुसार आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में आम सभा से चार सदस्य होते हैं। इनमें से दो सदस्यों का चुनाव एजीएम में किया जाता है। फिलहाल इन दोनों पदों पर हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल और मिजोरम के सदस्य खैरुल जमाल मजूमदार हैं।
धूमल और मजूमदार के दोबारा निर्विरोध चुने जाने की उम्मीद है। दोनों को 9 या 10 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल करना होगा। नामांकन की जांच के बाद 12 सितंबर को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
अगर किसी पद के लिए एक से ज्यादा उम्मीदवार सामने आते हैं, तो 18 सितंबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
आईपीएल को चलाने वाली गवर्निंग काउंसिल में कुल सात सदस्य होते हैं। इनमें बीसीसीआई की आम सभा से चार प्रतिनिधि शामिल होते हैं। इसके अलावा बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और कोषाध्यक्ष रघुराम भट पदेन सदस्य हैं।
बाकी तीन सदस्यों में बीसीसीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि और भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक द्वारा नामित सदस्य शामिल होते हैं।
चुनाव अधिकारी ने बीसीसीआई के पूर्ण सदस्यों से अपने प्रतिनिधियों के नाम चुनावी सूची में शामिल करने के लिए आवेदन जमा करने को कहा है। नामांकन पर आई आपत्तियों की जांच के बाद 8 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
फिलहाल नोटिस सिर्फ आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दो सदस्यों के चुनाव के लिए है। बोर्ड के दूसरे पदों पर किसी बड़े बदलाव या अचानक चुनाव की संभावना कम मानी जा रही है।