फ्रांस के तीन ब्लड प्लाज्मा केंद्रों पर साइबर हमला कर तापमान बदलने की कोशिश की गई।
अलर्ट सिस्टम ने समय रहते खतरा पकड़ लिया और प्लाज्मा सुरक्षित रहा।
यूरोप के सुपरमार्केटों के रेफ्रिजरेशन सिस्टम भी साइबर हमलों का निशाना बने।
अब साइबर हमले सीधे इंसानी जिंदगी और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बन रहे हैं।
Cyberattacks on Critical Healthcare Infrastructure: फ्रांस में ब्लड बैंक के प्लाज्मा भंडारण का तापमान बदलने की कोशिश ने दुनिया को बता दिया है कि अब निशाने पर केवल बैंक खाते, सरकारी वेबसाइटें या गोपनीय सूचनाएं नहीं हैं, बल्कि सीधे इंसानी जिंदगी है। सवाल यह है कि क्या आतंक की दुनिया में बैठे लोग तकनीक को मानव सभ्यता के विरुद्ध सबसे घातक हथियार बनाने का ब्लू प्रिंट तैयार कर रहे हैं? यदि ऐसा है तो खतरा पूरी मानवता के भविष्य का है। फ्रांस के रक्त प्लाज्मा भंडारण केंद्रों पर गुजरे 2 नवंबर की रात खौफनाक साइबर हमला हुआ।
फ्रेंच ब्लड एस्टैब्लिशमेंट के 3 केंद्रों पर लगे प्लाज्मा के कोल्ड स्टोरेज सिस्टम को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने तापमान और डीफ्रॉस्टिंग की सीमाओं को बेहद ऊंचे स्तर पर बदलने की कोशिश की। सौभाग्य से निगरानी और अलार्म प्रणाली ने असामान्य गतिविधि पकड़ ली। कर्मचारियों ने समय रहते प्लाज्मा को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। किसी रक्त उत्पाद को नुकसान नहीं पहुंचा और मरीजों के इलाज पर कोई असर नहीं पड़ा। इस सिहरा देने वाली साजिश का फ्रांस की साइबर सुरक्षा एजेंसी और स्वास्थ्य मंत्रालय जांच कर रहे हैं।
साइबर अपराध का यह नया चेहरा पहले से कहीं ज्यादा डरावना है। इससे साबित होता है कि अब अपराधी सिर्फ बैंक खाते खाली करने, व्यक्तिगत जानकारियां चुराने, सरकारी वेबसाइटों को ठप करने या कंपनियों से फिरौती वसूलने तक सीमित नहीं हैं। वे उन मशीनों और प्रणालियों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिनसे आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी जुड़ी हैं। फ्रांस के ब्लड बैंक पर हमले से कुछ ही सप्ताह पहले यूरोप के सुपरमार्केटों में रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने इस खतरे की आहट दे दी थी। अक्टूबर में
फ्रांस, बेल्जियम और नीदरलैंड के अनेक सुपरमार्केटों में इंटरनेट से जुड़े रेफ्रिजरेशन कंट्रोलरों के साथ छेड़छाड़ की गई। परिणामस्वरूप फ्रिज और फ्रीजर का तापमान बढ़ने लगा और बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री खराब हो गई। इससे खाद्य आपूर्ति की उस पूरी श्रृंखला की कमजोरी उजागर हुई जिस पर शहरों की करोड़ों आबादी निर्भर है। यदि यही तकनीक किसी खाद्य भंडार, दवा गोदाम, वैक्सीन स्टोरेज या अस्पताल के महत्वपूर्ण शीतगृह को निशाना बनाने लगे तो परिणाम कितने भयावह हो सकते हैं।
खतरे का एक और गंभीर उदाहरण अमेरिका से सामने आया है। 30 जुलाई 2026 को एफबीआई और पर्यावरण संरक्षण एजेंसी ने चेतावनी जारी की कि साइबर अपराधी जलापूर्ति और अपशिष्ट जल प्रबंधन प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाले प्रोग्रामेबल लॉजिक कंट्रोलर (पीएलसी) को निशाना बना रहे हैं। कम से कम 7 अमेरिकी राज्यों की जल उपयोगिता सेवाओं ने ऐसी घटनाओं की सूचना दी। कुछ स्थानों पर पानी के दबाव में कमी और बाढ़ जैसी परिचालन समस्याएं सामने आई, कुछ प्रणालियों में ऑपरेटरों को मैनुअल नियंत्रण पर निर्भर होना पड़ा। यहां खतरा केवल पानी की आपूर्ति रुकने का नहीं है।
जल शोधन, दबाव नियंत्रण और वितरण की प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक सुरक्षा के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकता है। इस खतरे की जड़ इंटरनेट ऑफ थिंग्स यानी आईओटी के तेजी से फैलते संसार में है। आज रेफ्रिजरेटर, औद्योगिक मशीनें, अस्पतालों के उपकरण, पानी के पंप, बिजली के नियंत्रण तंत्र और परिवहन प्रणालियां इंटरनेट से जुड़ रही हैं। इससे काम आसान, तेज और किफायती हुआ है।
अब डिजिटल विकास के साथ डिजिटल सुरक्षा को भी उतना ही जरूरी मानना होगा। अस्पतालों और रक्त बैंकों में स्वतंत्र तापमान अलार्म, मैनुअल नियंत्रण, नेटवर्क पृथक्करण और नियमित सुरक्षा जांच अनिवार्य होनी चाहिए। जलापूर्ति, खाद्य भंडारण और बिजली जैसी सेवाओं में भी ऐसी व्यवस्था हो कि किसी डिजिटल हमले से पूरी प्रणाली असहाय न हो जाए। फ्रांस के ब्लड बैंक की घटना ने दुनिया के सामने एक ऐसा सवाल रख दिया है जिसे नजरअंदाज करना आत्मघाती होगा।
लेख- लोकमित्र गौतम के द्वारा