Pitru Paksha 2026 Start Date And Time: हिंदू धर्म में श्राद्ध पक्ष अश्विन माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से प्रारंभ होता है और ठीक 15 दिन के बाद अमावस्या को समाप्त होता है। पितृ पक्ष पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और सम्मान करने का समय होता है।
इस दौरान लोग अपने दिवंगत पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पूजा-पाठ करते हैं। इस विशेष समय में श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान जैसे धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस समयावधि में पितरों की आत्माएं पृथ्वी पर आती हैं और उनके लिए श्रद्धापूर्वक किए गए कर्मकांड से प्रसन्न होकर अपने परिवार को सुख, समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
पितृ पक्ष में विधि-विधान से श्राद्ध करने से पितृ दोष के प्रभाव कम होते हैं। जीवन की सभी बाधाएं समाप्त होती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। आइए जानते हैं कि पितृ पक्ष की शुरुआत कब से हो रही है और इस दौरान श्राद्ध की प्रमुख तिथियां कौन-सी हैं।
हिंदू पंचांग के अनुसार, भाद्रपद पूर्णिमा के अगले दिन से आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की शुरुआत होती है और इसी के साथ पितृ पक्ष आरंभ माना जाता है।
साल 2026 में आश्विन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि 26 सितंबर की रात 10 बजकर 18 मिनट से शुरू होगी। इसी के साथ श्राद्ध पक्ष शुरु हो जाएगा। पितृ पक्ष का समापन 10 अक्टूबर 2026 को सर्वपितृ अमावस्या के दिन होगा।
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, जिन लोगों को अपने पूर्वजों की मृत्यु तिथि ज्ञात होती है, उस के हिसाब से वो तिथि निकालकर पूजा-पाठ इत्यादि संपन्न करते हैं और जिनको किसी कारणवश तिथि का ज्ञान नहीं होता है, वो सर्वपितृ अमावस्या के दिन श्राद्ध और तर्पण कर सकते हैं।
पितृ पक्ष में श्रद्धा और भक्ति के साथ ॐ सर्व पितृ देवताभ्यो नमः, मंत्र का जप करना शुभ माना जाता है।