Durga Ashtami 2026 Date: शारदीय नवरात्रि का पर्व 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुका है। नौ दिनों तक चलने वाले इस त्योहार में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है और भक्त अपने खुशहाल जीवन की कामना करते हैं। इस दौरान भक्त व्रत रखते हैं, मंदिरों में दर्शन करते हैं और अपने-अपने घरों में विशेष पूजा-अर्चना करते हैं।
गुजरात में गरबा और डांडिया की धूम रहती है, वहीं पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के भव्य पंडाल सजाए जाते हैं। उत्तर भारत के कई हिस्सों में रामलीला और रावण दहन का आयोजन होता है।
नवरात्रि के दौरान दुर्गा अष्टमी, महा नवमी और विजयादशमी के दिन विशेष पूजा, जैसे- देवी का श्रृंगार, हवन, कंजक भोजन व विस्थापन इत्यादि का विशेष महत्व है। आइए जानते हैं साल 2026 में ये प्रमुख पर्व कब मनाए जाएंगे।
दुर्गा अष्टमी का पर्व 19 अक्टूबर, सोमवार को मनाया जाएगा। दिल्ली के द्रिक पंचांग के अनुसार, अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर को सुबह 8:27 बजे शुरू होकर 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे समाप्त होगी।
इस दिन मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की पूजा की जाती है। भक्त मां को भोग अर्पित करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। कई घरों में कन्या पूजन और हवन भी किया जाता है।
महा नवमी 19 अक्टूबर, सोमवार को मनाई जाएगी। द्रिक पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि 19 अक्टूबर को सुबह 10:51 बजे शुरू होकर 20 अक्टूबर को दोपहर 12:50 बजे समाप्त होगी।
नवमी के दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इस अवसर पर भक्त कन्या पूजन, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। कई परिवारों में इसी दिन नौ दिनों के व्रत का समापन करके पारण भी किया जाता है।
विजयादशमी या दशहरा 20 अक्टूबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। साथ ही अपने भीतर की बुराइयों का नाश करके अच्छे विचारों को अपने जीवन में आत्मसात किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था। देश के कई हिस्सों में रावण दहन, रामलीला और विशेष पूजा का आयोजन किया जाता है।
दुर्गा अष्टमी: 19 अक्टूबर, सोमवार
महा नवमी: 19 अक्टूबर, सोमवार
दशहरा: 20 अक्टूबर, मंगलवार