Highlights
सोनिया गांधी ने दिल्ली में लालू यादव से मुलाकात की
सांसद मीसा भारती के आवास पर स्वास्थ्य का हालचाल जाना
स्थास्थ्य संबंधित जांच के लिए दिल्ली में लालू प्रसाद यादव हैं
Sonia Gandhi Meets Lalu Yadav: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार, 2 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचीं। यह मुलाकात लालू यादव की बेटी और लोकसभा सांसद मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर हुई। सोनिया गांधी ने लालू यादव के स्वास्थ्य का हालचाल लिया और उन्हें जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
लालू प्रसाद यादव पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वे नियमित चिकित्सा जांच के लिए दिल्ली आए हुए हैं और उनका इलाज एम्स में चल रहा है। परिवार के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लालू यादव रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए दिल्ली आए थे। उन्होंने रविवार को खुद सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और उन्हें इस बारे में बताया था। सोनिया गांधी ने खुद लालू यादव से मिलने की इच्छा जताई थी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू जी और सोनिया जी का पुराना और अच्छा रिश्ता रहा है। दोनों ने कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ दिया है। आज की मुलाकात का मुख्य उद्देश्य लालू जी के स्वास्थ्य का हालचाल जानना था। दोनों काफी समय से नहीं मिले थे। लालू यादव ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने एक्स अकाउंट पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी उनके आवास पर पहुंचीं और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मुलाकात के दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं।
उन्होंने यूपीए सरकार के दौरान युवाओं, किसानों, जवानों और आम लोगों के लिए चलाई गई कल्याणकारी योजनाओं जैसे मनरेगा, शिक्षा का अधिकार और सूचना का अधिकार कानूनों का जिक्र किया। लालू यादव ने यह भी याद दिलाया कि मनमोहन सिंह सरकार के दौरान बिहार के विकास के लिए 1.45 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई थी।
इस मुलाकात को इंडिया गठबंधन के संदर्भ में भी देखी जा रही है। हाल ही में चुनाव आयोग के खिलाफ गठबंधन की रैली के एक दिन बाद हुई यह भेंट विपक्षी एकजुटता के संकेत के रूप में चर्चा में है। हालांकि दोनों पक्षों ने इसे स्वास्थ्य संबंधी शिष्टाचार मुलाकात बताया है।