देवेंद्र फडणवीस जन्मदिन (नवभारत डिजाइन फोटो)
महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी अध्ययनशील दृष्टि और प्रशासनिक पकड़ के लिए पहचाने जाने वाले देवेंद्र फडणवीस का संतरा नगरी नागपुर से अटूट और भावनात्मक रिश्ता है। नागपुर की गलियों से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर आज उन्हें राज्य के सबसे प्रभावशाली जननेताओं की पंक्ति में खड़ा करता है। देवेंद्र फडणवीस ने अपने राजनीतिक जीवन की मजबूत नींव नागपुर स्थानीय निकाय से रखी। मात्र 21 वर्ष की आयु में रामनगर वार्ड से कॉर्पोरेटर (पार्षद) चुने जाने के बाद, साल 1997 में केवल 27 वर्ष की उम्र में वे नागपुर महानगर पालिका के सबसे युवा मेयर बने। उपराजधानी नागपुर को एक क्षेत्रीय शहर से अंतरराष्ट्रीय स्तर की 'स्मार्ट और ग्लोबल सिटी' में बदलने का श्रेय देवेंद्र फडणवीस को जाता है। नागपुर मेट्रो परियोजना को रिकॉर्ड समय में धरातल पर उतारना, मिहान (MIHAN) में बोइंग और पतंजलि जैसी कंपनियों के निवेश को गति देना, तथा समृद्धि महामार्ग के जरिए नागपुर से मुंबई की दूरी को कम करना उनके ड्रीम प्रोजेक्ट्स रहे हैं। नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय देवेंद्र फडणवीस की राजनीतिक और सामाजिक विचार-यात्रा का केंद्र बिंदु रहा है। संघ के संस्कारों और अनुशासन में पले-बढ़े फडणवीस रेशमबाग तथा संघ मुख्यालय में आयोजित होने वाले वार्षिक कार्यक्रमों, विजयादशमी उत्सवों और बौद्धिक सत्रों में एक समर्पित स्वयंसेवक के रूप में नियमित शामिल होते हैं। शीर्ष संवैधानिक और राजनीतिक पदों पर आसीन रहने के बावजूद नागपुर के नागरिकों के लिए वे आज भी उनके अपने 'आपला देवेंद्र' ही हैं। नागपुर प्रवास के दौरान धरमपेठ स्थित उनके आवास पर आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ती है। वे नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन कर आम लोगों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों से सीधे संवाद करते हैं।नागपुर की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और लोक-परंपराओं के प्रति उनका समर्पण हमेशा देखा जा सकता है। नागपुर के प्रसिद्ध गणेशोत्सव, दुर्गापूजा, और दीपोत्सव के दौरान वे महाल और अन्य पारंपरिक क्षेत्रों के सार्वजनिक पंडालों में परिवार के साथ शामिल होते हैं। नागपुर की गलियों से शुरू हुआ एक छात्र कार्यकर्ता का सफर आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद तक पहुँचने का देवेंद्र फडणवीस का यह सफर अटूट निष्ठा, कठोर परिश्रम और दूरदर्शी दृष्टि का प्रतीक है। उपराजधानी नागपुर के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के प्रति समर्पित, संतरा नगरी के जननायक देवेंद्र फडणवीस जी को जन्मदिन की हार्दिक और मंगलमय शुभकामनाएं!