इम्फाल: मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। मणिपुर के जिरीबाम जिले में तीन लोगों की मौत हो गई। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग करते हुए दो मंत्रियों और तीन विधायकों के घरों में घुस गए। इसके बाद वहां भारी तोड़फोड़ की गई। हालात पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन को अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगाना पड़ा।
राजधानी इंफाल में हुई इस घटना के बाद प्रशासन ने सीएम आवास के आसपास आवासों को खाली करवा दिया गया है। सीएम आवास को प्रोटेक्ट करने के लिए भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जबकि दूसरी तरफ प्रदर्शनकारी लोग सीएम आवास तक मार्च निकालने को लेकर अड़े हुए हैं।
इंफाल पश्चिम के डीएम की ओर से एक आदेश जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि शनिवार शाम 4:30 बजे कर्फ्यू लगा दिया गया है। जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए यह कदम उठाया गया। आपको बता दें कि इससे पहले तीन लोगों की हत्या के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के चलते इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई थीं।
इससे पहले कर्फ्यू में ढील देने का ऐलान किया गया था। लेकिन जब मैतेई समुदाय के विधायकों के घरों पर हमला हुआ तो कर्फ्यू और कड़ा कर दिया गया। आदेश में कहा गया है कि स्वास्थ्य, बिजली, पेट्रोल पंप, नगर पालिका, प्रेस और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े सभी व्यक्ति और कर्मचारी कर्फ्यू से मुक्त रहेंगे।
मणिपुर में बढ़ते तनाव को देखते हुए राज्य सरकार ने कई जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। 16 नवंबर 2024 से प्रभावी इस आदेश के तहत इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर और अन्य प्रभावित जिलों में दो दिनों के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। राज्य में अफवाहों और भड़काऊ सामग्री को फैलने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे हिंसा हो सकती है। सरकार ने चेतावनी दी है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी ने मणिपुर में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है और आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार इस हिंसा के प्रति नकारात्मक रवैया अपना रही है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि मणिपुर में हिंसा और आगजनी की घटनाएं जारी हैं और इस बीच प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर चले गए हैं। पार्टी ने मणिपुर में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।