Love Marriage Dispute Murder Case: यवतमाल शहर के आर्णी मार्ग स्थित वडगांव परिसर में प्रेम विवाह को लेकर चल रहे पुराने विवाद के चलते एक रिक्शा चालक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार 26 मई की सुबह करीब 7 बजे जांब चौफुली स्थित जयसिंगपुरे कॉम्प्लेक्स के सामने फुटपाथ पर घटी। मृतक की पहचान सैयद वसीम सैयद हबीब उर्फ "मीठा चावल" (35 वर्ष, निवासी वडगांव, यवतमाल) के रूप में हुई है।
अवधूतवाड़ी पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है, जिनमें एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। मृतक के भाई सैयद शहबाज सैयद लियाकत (34 वर्ष, निवासी वडगांव) की शिकायत पर मंगेश चंपतराव कनाके (44 वर्ष) तथा नाबालिग के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
यवतमाल पुलिस के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले फिर्यादी सैयद शहबाज ने स्वाति कनाके उर्फ जोया सैयद के साथ प्रेम विवाह किया था। अंतरजातीय विवाह के कारण कनाके परिवार नाराज था और तभी से दोनों परिवारों के बीच विवाद चलता आ रहा था। बताया गया कि आरोपी मंगेश कनाके की बेटी की शादी 13 मई को हुई थी, जिसमें फिर्यादी पक्ष और उनके रिश्तेदारों को निमंत्रण नहीं दिया गया था। इसी बात को लेकर मृतक वसीम और आरोपियों के बीच भी तनाव बढ़ गया था। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जयसिंगपुरे कॉम्प्लेक्स स्थित समीर प्रोविजन दुकान के सामने आर्णी-यवतमाल रोड किनारे फुटपाथ पर वसीम खून से लथपथ पड़ा मिला। उस पर वार के निशान थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पास स्थित होंडा शोरूम के सीसीटीवी फुटेज में सुबह 6 से 7 बजे के बीच मृतक और आरोपियों के बीच झड़प होती दिखाई देने का दावा शिकायतकर्ता ने किया है। इससे जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिला है। गंभीर रूप से घायल वसीम को तत्काल शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जामनकर नगर इलाके में सचिन उर्फ "येडा" राठोड़ की हत्या की घटना के बाद इस सप्ताह फिर शहर में हत्या की वारदात सामने आने से नागरिकों में भय और चिंता का माहौल है। अवधूतवाड़ी पुलिस ने वडगांव स्थित घटनास्थल का पंचनामा कर साक्ष्य जुटाए हैं।
यह भी पढे़ं:- Yavatmal Murder Case: गौवंश तस्करों का पीछा करने पर हुई हत्या, उमरखेड़ पुलिस ने 48 घंटे में दबोचे 6 आरोपी
आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें रवाना की गई हैं। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक नंदकुमार काले के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस अधिकारी के. एस. बुद्धेवार कर रहे हैं। घटना के बाद वडगांव क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस प्रशासन हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है।