19 अक्टूबर को भांडुप परिमंडल में सम्मान सौदामिनी का कार्यक्रम हुआ।
मुख्य अभियंता संजय पाटिल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
महिला कर्मचारियों के योगदान, निर्णयों और सपनों का सम्मान करने पर जोर दिया गया।
Women Employees Samman Saudamini Program: बदलते दौर में महिलाओं ने अपने कर्तृत्व के बल पर हर क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। परिवार और प्रोफेशनल जीवन में संतुलन साधते हुए जिम्मेदारी से काम करने वाली महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
बिजली जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भी महिला कर्मचारी अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से महावितरण की प्रगति में अहम योगदान दे रही हैं। ऐसी कर्तृत्ववान महिलाओं के कार्य को सम्मानित करने के लिए महावितरण के भांडुप परिमंडल की ओर से दिनांक 19 अक्टूबर को ‘सम्मान सौदामिनी का’ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महा वितरण के भांडुप परिमंडल के मुख्य अभियंता संजय पाटिल ने की। इस अवसर पर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और महिला कर्मचारी उपस्थित रहे। सहायक महाप्रबंधक (वित्त व लेखा) हनुमंत गायकवाड, सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) नमिता गजदर, कार्यकारी अभियंता (प्रशासन) श्रीनिवास चटलावार और कार्यकारी अभियंता (स्थापत्य) देवेंद्र गिल्लुरकर ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इसके अलावा सिस्टम एनालिस्ट कीर्ति जोशी और जनसंपर्क अधिकारी ममता पांडेय भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में बिजली क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका, उनकी कार्यकुशलता और समर्पण को महत्व देने पर जोर दिया गया। बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया। इस पहल के माध्यम से महिला कर्मचारियों के योगदान को पहचान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
महावितरण के निदेशक (मानव संसाधन) राजेंद्र पवार की संकल्पना से यह विशेष उपक्रम चलाया जा रहा है। आयोजकों ने कहा कि नवरात्रि उत्सव स्त्री शक्ति का जागर है, लेकिन स्त्री शक्ति का असली सम्मान सिर्फ नौ दिनों तक सीमित नहीं होना चाहिए।
उसके कर्तृत्व को अवसर देने, उसके निर्णयों का सम्मान करने और उसके सपनों को बल देने में ही सच्चा सम्मान है। क्योंकि स्त्री सिर्फ शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वयं शक्ति है।