ठाणे का AQI 30 अक्टूबर के 95 से बढ़कर 8 नवंबर को 150 पहुंचा।
वायु गुणवत्ता सूचकांक में करीब 57.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
PM10 का स्तर 98 से बढ़कर 157 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर हुआ।
कोपरी में दिवाली के दिन ध्वनि स्तर दिन में 81.3 और रात में 81.2 डेसिबल रहा।
Thane Noise Pollution Diwali: दिवाली का त्योहार रोशनी और उत्साह के साथ मनाया गया, लेकिन आतिशबाजी का असर ठाणे शहर के पर्यावरण पर साफ दिखाई पड़ रहा है।
ठाणे मनपा के प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से किए गए निरीक्षण में दिवाली के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 30 अक्टूबर 2026 को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 95 था, जो लक्ष्मी पूजन के दिन यानी 8 नवंबर को बढ़कर 150 तक पहुंच गया।
इस तरह दिवाली से पहले की तुलना में AQI में करीब 57.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।मनपा के प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने दिवाली से पहले और त्योहार के दौरान हवा की गुणवत्ता की जांच की।
इसके लिए कासारवडवली और उपवन स्थित सतत वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के साथ कोपरी के मैन्युअल निगरानी केंद्र से आंकड़े जुटाए गए। निरीक्षण के अनुसार, दिवाली से पहले हवा में PM10 यानी धूलकणों का औसत स्तर 98 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर था, जो लक्ष्मी पूजन के दिन बढ़कर 157 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर हो गया।
यह निर्धारित 100 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर की सीमा से काफी अधिक है। इसी तरह नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx) का स्तर 39 से बढ़कर 42 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और सल्फर डाइऑक्साइड (SO2) का स्तर 16 से बढ़कर 30 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया।
दिवाली के दिन AQI की तुलना करें तो वर्ष 2024 में यह 146, वर्ष 2025 में 157 और वर्ष 2026 में 150 दर्ज किया गया। यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार AQI थोड़ा कम रहा, लेकिन PM10 का स्तर 2025 की तुलना में अधिक पाया गया।
हवा के साथ शोर के स्तर में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कोपरी निगरानी केंद्र पर दिवाली से पहले दिन में 68.8 और रात में 58.3 डेसिबल ध्वनि दर्ज की गई थी। वहीं, लक्ष्मी पूजन के दिन यह बढ़कर दिन में 81.3 और रात में 81.2 डेसिबल तक पहुंच गई।
निवासी क्षेत्रों में दिन के लिए 55 और रात के लिए 45 डेसिबल की निर्धारित सीमा है। इस लिहाज से दिवाली के दिन दर्ज शोर का स्तर दोनों समय निर्धारित मानकों से काफी अधिक रहा। वर्ष 2025 में दिवाली पर ध्वनि स्तर 89.2 और 2024 में 86 डेसिबल दर्ज किया गया था।
मनपा ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान पटाखों का सीमित उपयोग करने, पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने में सहयोग देने की अपील की है। त्योहारों की खुशियों के साथ बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के स्वास्थ्य तथा पर्यावरण का ध्यान रखना भी जरूरी है।