Youtuber Santosh Pandit Arrested Viral Video: पुणे महानगरपालिका (PMC) के विकास कार्यों की लगातार आलोचना करने वाले और सोशल मीडिया पर अपनी तीखी टिप्पणियों के लिए जाने जाने वाले यूट्यूबर संतोष पंडित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर रात लगभग 1 बजे कोथरूड पुलिस की टीम संतोष पंडित के आवास पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संतोष पंडित अपने यूट्यूब वीडियो के जरिए कोथरूड क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सड़क निर्माण और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे थे। संतोष पर इन मुद्दों पर बोलते हुए बेहद आपत्तिजनक, अश्लील और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप है।
इस मामले में स्थानीय नागरिकों और प्रतिनिधियों की शिकायत के आधार पर कोथरूड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। दर्ज एफआईआर के तहत ही पुलिस ने देर रात यह कार्रवाई करते हुए संतोष को उनके घर से देर रात गिरफ्तार किया है।
कोथरुड पुलिस की एक टीम बुधवार रात 1 बजे संतोष पंडित को गिरफ्तार करने के लिए उनके घर पहुंची थी। इस दौरान सड़क पर काफी हंगामा हुआ। संतोष के परिजनों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
संतोष पंडित को ले जाने के लिए कोथरुड पुलिस की दो गाड़ियां पहुंची थीं, जिनमें कुछ पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भी मौजूद थे। पंडित ने पुलिस की इस कार्रवाई को सोशल मीडिया के जरिए जनता के सामने रखने की कोशिश की और कहा कि पुलिस आधी रात को उनके घर में घूसी है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी संतोष पंडित को गिरफ्तार कर गाड़ी में बिठा रहे है। इस दौरान वे कहते है, "पुलिस रात 12:30 या 1:00 बजे हमारे घरों में घुस आती है, हम जैसे लोगों की यही अहमियत है।" उन्होंने वर्दी पहने एक पुलिस अफसर से बात करने की भी कोशिश की और कहा, "अगर मैंने आपको कोई परेशानी दी है या आपको लगा कि मैं सहयोग नहीं कर रहा था, तो मैं माफी मांगता हूं। गिरफ्तारी के लिए धन्यवाद।"
इसके बाद पंडित ने पुलिस को रोककर अपना मोबाइल फोन, कार की चाबियां और बेल्ट अपने परिवार को दिया और कहा कि, "मुझे पता है कि पुलिस को किन चीजों की जरूरत नहीं है।" इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दें कि यूट्यूबर संतोष पंडित अक्सर सोशल मीडिया पर पुणे महानगरपालिका के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स और उनकी कमियों के बारे में वीडियो पोस्ट करते रहते हैं। कुछ दिन पहले, पंडित ने एक वीडियो क्लिप पोस्ट की थी जिसमें महाराष्ट्र के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल के लिए आपत्तिजनक और अपशब्दों वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
मंत्री को सार्वजनिक रूप से बदनाम करने के आरोप में पुणे के डेक्कन पुलिस स्टेशन में दो संदिग्धों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया। बीजेपी के पूर्व नगरसेवक सुनील पांडे ने संतोष पंडित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
वीडियो में मंत्री चंद्रकांत पाटिल की सीधे तौर पर आलोचना की गई थी और आरोप लगाया गया था कि जन-प्रतिनिधि आम जनता से जुड़े मुद्दों से बचते हैं। हालांकि, शिकायत में कहा गया कि कंटेंट सिर्फ आलोचना से कहीं आगे था, जिसमें बहुत ही भद्दी गालियों और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था।