Integrated Ticketing PMPML Pune Metro: पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के लाखों यात्रियों को जल्द ही सार्वजनिक परिवहन में बड़ी सुविधा मिलने वाली है। पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (पीएमपीएमएल) और पुणे मेट्रो के बीच ‘टिकट इंटीग्रेशन’ (एकीकृत टिकट प्रणाली) की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस आधुनिक व्यवस्था के लागू होने के बाद यात्री एक ही टिकट अथवा क्यूआर कोड आधारित पास के माध्यम से मेट्रो और पीएमपीएमएल बस दोनों सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए हाल ही में पीएमपीएमएल प्रशासन और इस कार्य के लिए नियुक्त विशेषज्ञ कंपनी के बीच उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों को तकनीकी और व्यावहारिक रूप से जोड़ने के विभिन्न विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों के अनुसार, इससे यात्रियों को निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
परियोजना पर कार्य कर रही विशेषज्ञ कंपनी वर्तमान में दोनों परिवहन सेवाओं की तकनीकी आवश्यकताओं, यात्री सुविधाओं और संचालन व्यवस्था का गहन अध्ययन कर रही है। कंपनी अगले आठ दिनों में अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। रिपोर्ट में टिकट इंटीग्रेशन के लिए सबसे उपयुक्त मॉडल, तकनीकी ढांचा और क्रियान्वयन की रूपरेखा शामिल होगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया और अंतिम निर्णय लिए जाएंगे।
पीएमपीएमएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक महेश आव्हाड ने बताया कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाना प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मेट्रो और पीएमपीएमएल सेवाओं के एकीकरण से यात्रियों को अलग-अलग टिकट लेने की आवश्यकता नहीं रहेगी, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
यह भी पढ़ें:- ‘टाइगर अभी जिंदा है’: आढलराव पाटिल का शिरूर सांसद पर तीखा हमला, 2029 में लोकसभा चुनाव लड़ने का दिया संकेत
परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि टिकट इंटीग्रेशन लागू होने से सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इससे पुणे शहर में यातायात का दबाव घटाने और प्रदूषण कम करने में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
यदि परियोजना तय समय पर लागू होती है, तो पुणे देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो जाएगा जहां बस और मेट्रो सेवाएं एकीकृत टिकट प्रणाली के माध्यम से संचालित होंगी। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।