अमित शाह ने कहा कि अजित पवार की कमी अगले तीन-चार दशकों तक पूरी नहीं हो सकेगी।
कोरोना काल में शाह की अजित पवार से रोज सुबह 7 बजे फोन पर बातचीत होती थी।
शाह ने उन्हें विकास कार्यों का चलता-फिरता 'एनसाइक्लोपीडिया' बताया।
Ajit Pawar statue unvelling Pune: अजीत पवार के जाने से महाराष्ट्र में जो रिक्तता पैदा हुई है, उसे अगले तीन-चार दशकों तक कोई पूरा नहीं कर सकेगा।" इन शब्दों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के योगदान को याद किया।
पुणे जिला परिषद के प्रवेश द्वार पर अजीत पवार की अर्धाकृती प्रतिमा के अनावरण समारोह में बोलते हुए शाह कई बार भावुक हुए। उन्होंने अजित पवार के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंधों के साथ ही कोरोना काल में उनके कामकाज के अनुभव भी साझा किए।
अमित शाह ने कहा कि अजित पवार उनके लिए केवल मित्र नहीं, बल्कि सहयोगी भी थे। आज भी यह विश्वास करना मुश्किल है कि दादा हमारे बीच नहीं हैं। आंखें बंद करने पर उनका हंसता हुआ चेहरा सामने आ जाता है। महाराष्ट्र ने उनके रूप में एक ऐसा लोकनेता खोया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजित पवार, मंत्री चंद्रकांत पाटिल, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, दत्तात्रय भरणे, जयकुमार गोरे, सांसद सुप्रिया सुले,पार्थ पवार और पूर्व मंत्री दिलीप वलसे पाटील उपस्थित थे।
अजीत पवार की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए शाह ने कोरोना महामारी के दिनों का एक खास प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा, "कोरोना काल में मैं देश के सभी मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर रोजाना हालात का जायजा लेता था।
उस समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उपलब्ध नहीं हो पाते थे। ऐसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार से रोज सुबह सात बजे मंत्रालय के लैंडलाइन फोन पर चर्चा होती थी।"शाह ने कहा कि कोरोना के कारण जब एक-दूसरे से मिलना भी संभव नहीं था, तब अजीत पवार मैदान में उतरकर काम कर रहे थे।
ऑक्सीजन की कमी, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर वे लगातार सक्रिय रहते थे। सुबह सात बजे भी फोन पर उपलब्ध रहकर समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा था। शाह ने कहा कि संकट के उस दौर में अजित पवार की सक्रियता और जिम्मेदारी को वे हमेशा याद रखेंगे।
अमित शाह ने अजित पवार को विकास कार्यों का चलता-फिरता 'एनसाइक्लोपीडिया' बताया। उन्होंने कहा कि बारामती को विकसित क्षेत्र बनाने में अजित पवार का बड़ा योगदान रहा। वे उनसे अक्सर पूछते थे कि बारामती में बार-बार क्यों जाते हैं? इस पर अजित पवार कहते थे कि जनता दरबार में जाने से लोगों की समस्याएं समझने और उन्हें हल करने का अवसर मिलता है।
अजीत पवार के महायुति में शामिल होने के फैसले का जिक्र करते हुए शाह ने बताया कि उन्होंने दादा से इस निर्णय का कारण पूछा था। इस पर अजित पवार ने कहा था कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के विकास को गति मिली है। वे भी इस विकास यात्रा से जुड़ना चाहते हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने महायुति में आने का फैसला किया था।
इसके बाद दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध बने। अजीत पवार की दुर्घटना में मृत्यु की खबर मिलने का प्रसंग साझा करते हुए शाह ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह साढ़े आठ बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का फोन आया था। खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा। उन्होंने कहा कि अजित पवार की स्मृतियां और उनके काम करने का तरीका आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट