महाराष्ट्र

मुंबई में आतंकी हमले की अफवाह फैलाने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार

वैष्णवी वंजारी

जबलपुर: मध्य प्रदेश पुलिस ने एक व्यक्ति को मुंबई में आतंकी हमले की अफवाह फैलाने के आरोप में यहां गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति ने कथित रूप से मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को बृहस्पतिवार को फोन कर वहां आतंकी हमला होने की सूचना दी थी, जो अफवाह फैलाने के इरादे से किया गया था। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी है।  

जबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल खांडेल ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि जितेश ठाकुर (35) को महाराष्ट्र पुलिस द्वारा साझा किए गए मोबाइल नंबर के आधार पर शनिवार को यहां गिरफ्तार किया गया और जेल में भेज दिया गया है।    उन्होंने कहा कि इस आरोपी ने छह जनवरी को मुंबई पुलिस को फोन किया था। 

उन्होंने बताया कि आरोपी बेरोजगार है और उसे शराब पीने की लत है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ जबलपुर में संजीवनी नगर पुलिस थाने में आपराधिक धमकी देने और लोकसेवक को गलत जानकारी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

 मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस व्यक्ति ने दावा किया था कि वह थल सेना से है और मुंबई में ‘न्यूक्लियर बम' के साथ हमला होगा और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) रेलवे स्टेशन, कुर्ला रेलवे स्टेशन, अभिनेता शाहरुख खान के बंगले के पास और नवी मुंबई के खारघर में एक गुरुद्वारे के पास जैसी जगहों पर बमबारी होगी।

उन्होंने कहा था कि इस फोन के बाद मुंबई पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया।    खांडेल ने बताया कि इस व्यक्ति ने मध्य प्रदेश में पहले भी अफवाह फैलाने के लिए फोन किये थे और कई बार पुलिस के ‘डायल 100' में तैनात कर्मियों से झगड़ा भी किया था। 

हेमंत कैबिनेट के 53 बड़े फैसले: 100 उत्कृष्ट स्कूल, 606 थानों में CCTV, मेडिकल कॉलेजों को करोड़ों की सौगात

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, महाराष्ट्र में समंदर के नीचे से पहाड़ों तक, एक साथ चल रहा काम

FREMAA Recruitment 2026: IT असिस्टेंट समेत 12 पदों पर भर्ती, 40,000 तक सैलरी; 6 सितंबर तक करें आवेदन

आंध्र प्रदेश में खौफनाक वारदात, श्रीशैलम के लॉज में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत; 3 दिन से बंद था कमरा

क्या राजनीति छोड़ रहे हैं नितिन गडकरी? संन्यास की अटकलों पर केंद्रीय मंत्री ने तोड़ी चुप्पी, जानिए पूरा सच