Yeola-Nandgaon Highway Bus Accident: महाराष्ट्र के नासिक जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। येवला-नांदगांव स्टेट हाईवे पर स्थित सोमथाना जोश घाट में मंगलवार को एक प्राइवेट लग्जरी पैसेंजर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। इस भीषण हादसे में एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 25 से 26 यात्री सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट लग्जरी पैसेंजर बस सोमथाना जोश घाट क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक का गाड़ी से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।
हादसे की सूचना मिलते ही नासिक पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार, घाट क्षेत्र का तीखा मोड़ या वाहन में तकनीकी खराबी हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों की पुष्टि की जाएगी।
सोमथाना जोश घाट में हुए हादसे में जान गंवाने वाले की पहचान करने और उसके परिजनों से संपर्क करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। वहीं, बस चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
यह भी पढ़ें:- लाडकी बहिन योजना: e-KYC के बाद 92 लाख महिलाएं लिस्ट से बाहर? CAG ने उठाए सवाल, मंत्री अदिति तटकरे ने दिया जवाब
सोमनाथा जोश घाट में हुए बस हादसे के बाद कुछ समय के लिए येवला-नांदगांव स्टेट हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। नासिक पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने लोगों से घाट क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी और घाट मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग की आवश्यकता को रेखांकित किया है।