नाशिकरोड: एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) द्वारा की गई बगावत और शिवसेना (Shiv Sena) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) द्वारा की गई भावनात्मक अपील के बाद शिंदे समर्थक और ठाकरे के शिवसैनिकों में विवाद शुरू हो गया है। नाशिक-पुणे रोड (Nashik-Pune Road) परिसर में विधायक एकनाथ शिंदे के समर्थकों ने बैनर लगाया था, जिसे अज्ञात शिवसैनिकों ने स्याही लगा दी।
साथ ही फलक लगाने वाले योगेश मस्के और सुजीत जिरापुरे के नाम पर स्याही से गद्दार लिख दिया गया। इसके चलते परिसर में तनाव पैदा हो गया है। पुलिस के आने की भनक लगते ही इस कार्य को अंजाम देने वाले अज्ञात शिवसैनिक भाग निकले।
वहीं, मुंबई के कुर्ला में नेहरु नगर में शिवसेना के बागी विधायक मंगेश कुडालकर के कार्यालय पर कुछ शिवसैनिकों ने तोड़फोड़ की है। हालांकि वहां उपस्थित पुलिस ने शिवसैनिकों को कार्यालय तोड़ने से रोका पर शिवसैनिकों ने कार्यालय के बाहर लगे बोर्ड को तोड़ दिया।