Nagpur Coca Cola Factory Fire: नागपुर जिले के वर्धा रोड पर स्थित पुरानी कोकाकोला फैक्ट्री परिसर में सोमवार देर रात आग लग गई। खबर मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। परिसर की जांच के दौरान पुलिस को पूरी तरह जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई।
इससे तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई। पुलिस का अनुमान है कि भोजन बनाते समय यह हादसा हुआ है। रात 3।30 बजे के दौरान कंट्रोल रूम को कोकाकोला फैक्ट्री परिसर में आग लगने की जानकारी मिली।
खबर मिलते ही प्रतापनगर पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। कई वर्षों से यह फैक्ट्री बंद होने के कारण इमारत खंडहर हो चुकी थी। भीतर झाड़ियां फैली थीं। तत्काल दमकल विभाग ने आग बुझाने का काम शुरू किया।
करीब आधा घंटे के भीतर ही आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान परिसर की जांच करने पर पुलिस को पूरी तरह जला हुआ शव दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक शव 95 प्रतिशत तक जल चुका था। केवल जला हुआ मानव कंकाल बचा था।
अब ऐसी जगह पर लाश मिलने से मामला और गंभीर हो गया। पंचनामा कर जला हुआ कंकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दिन निकलने पर पुलिस ने परिसर की बारीकी से जांच की। फैक्ट्री का छोटा गेट खुला हुआ था।
भीतर चूल्हा बना हुआ था और पास ही टमाटर, प्याज और मिर्ची पड़ी थी। पुलिस का अनुमान है कि कोई भिखारी या कचरा चुनने वाला व्यक्ति भीतर भोजन पका रहा था और इसी दौरान आग लगने के कारण वह जल गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पुलिस ने मृतक पुरुष होने की संभावना जताई है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना की सभी संभावित दिशाओं से जांच की जा रही है।