Nagpur Project Land Acquisition: नागपुर, व्यापार प्रतिनिधि। एनएमआरडीए ने बुधवार को महत्वाकांक्षी 'नया नागपुर परियोजना में भूमि अधिग्रहण के लिए गोधनी (रिठी) गांव के 6 किसानों से कुल 8.42 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री कराई। इसके लिए किसानों को कुल 37.07 करोड़ रुपए मुआवजा राशि प्रदान की गई।
इसी के साथ अब तक 'नया नागपुर' परियोजना के लिए कुल 8 किसान भूमि अधिग्रहण के लिए अपनी जमीन की रजिस्ट्री करा चुके हैं, साथ ही नागपुर महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एनएमआरडीए) के पास इस प्रोजेक्ट के लिए अब तक कुल 11 हेक्टेयर (28 एकड़) पर रजिस्ट्री लग चुकी है। इसके लिए अब तक कुल 52.52 करोड़ रुपए का वितरण किया जा चुका है।
नया नागपुर परियोजना के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के लिए अब तक 97 प्रतिशत बाधितों की सहमति मिल चुकी है। किसान आगे आ रहे हैं, बस दस्तावेजी प्रक्रियाओं में त्रुटियों के चलते रजिस्ट्री लगाने में थोड़ा विलंब हो रहा है, अगले कुछ दिनों में बहुत तेजी से रजिस्ट्री होने की संभावना है। 'नया नागपुर' परियोजना की इससे रफ्तार मिलने लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एनएमआरडीए) को 'नया नागपुर परियोजना के लिए कुल 692 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित करनी है।
प्राधिकरण के अनुसार बुधवार को की गई रजिस्ट्री में सबसे अधिक 2.74 हेक्टेयर जमीन के लिए संबंधित किसान को 12.37 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इसके बाद दूसरी सबसे अधिक अधिग्रहित की गई 2.03 हेक्टेयर जमीन के लिए संबंधित किसान को सबसे ज्यादा मुआवजा राशि 14.20 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।
यह भी पढ़ें:-नागपुर में मिशन मुक्ति-3 की कार्रवाई, एलआईसी चौक पर संयुक्त अभियान, 9 लोगों का पुनर्वास शुरू
अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक मुआवजा पाने वाले इस किसान की जमीन पर कंस्ट्रक्शन और खेती की गई थी जिससे उन्हें अधिक मुआवजा दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि मुआब्जा रकम से किसानों में संतोष है। भूमि अधिग्रहण से किसान अब करोड़पति बन रहे हैं।