Highlights:
नागपुर के 53 प्रमुख मार्गों पर सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।
नागपुर ट्रेलर ओनर्स यूनियन ने यातायात सुधार के फैसले को जरूरी माना, लेकिन इसके व्यावसायिक प्रभावों पर चिंता जताई है।
यूनियन के अनुसार प्रतिबंध से औद्योगिक इकाइयों में माल की आपूर्ति, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय और वाहन मालिकों के रोजगार पर असर पड़ सकता है।
Nagpur Traffic Police: नागपुर शहर के 53 प्रमुख मार्गों पर सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के यातायात पुलिस के निर्णय पर नागपुर ट्रेलर ऑनर्स यूनियन का कहना है कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाओं और आम नागरिकों की परेशानियों को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुधारना प्रशासन की जिम्मेदारी है। नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए, लेकिन यूनियन का मानना है कि इस निर्णय के कुछ नकारात्मक परिणाम भी हैं।
नागपुर एक प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक एवं परिवहन केंद्र है। शहर के आसपास स्थित एमआईडीसी, औद्योगिक इकाइयों, गोदामों और निर्माण परियोजनाओं में भारी वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुबह 6 से रात 10 बजे तक प्रतिबंध लागू होने से माल की आपूर्ति, औद्योगिक गतिविधियों, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय और स्थानीय वाहन मालिकों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
नागपुर ट्रेलर ओनर्स यूनियन के अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों और माल परिवहन के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय उपलब्ध कराया जाना चाहिए। आवश्यक माल की आवाजाही के लिए अनुमति प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हो।
स्थानीय ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन मालिकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर व्यावहारिक समाधान निकाला जाए। शहर के बाहर व्यवस्थित हैवी व्हीकल पार्किंग प्लाजा और ट्रांसपोर्ट हब विकसित किया जाए। प्रतिबंध लागू करने से पहले उद्योगों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के हितों का आकलन किया जाए।
यूनियन स्पष्ट करना चाहती है कि वह यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा के विरुद्ध नहीं है, लेकिन किसी भी निर्णय का उद्देश्य केवल प्रतिबंध लगाना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना होना चाहिए जिससे शहर का यातायात भी सुचारु रहे और व्यापार, उद्योग तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय भी प्रभावित न हों। हमारी मांग है कि प्रशासन सुरक्षा और रोजगार के बीच संतुलन बनाते हुए सभी संबंधित पक्षों से चर्चा करे।