Nagpur Municipal Corporation Property Tax Dues: नागपुर महानगरपालिका ने शहर में संपत्ति कर के बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष वसूली अभियान तेज कर दिया। शहर के सभी 10 जोन में शुरू की गई इस मुहिम के तहत गुरुवार को नेहरूनगर जोन कार्यालय ने कड़ा एक्शन लेते हुए एक ही दिन में कुल 12 लाख का बकाया कर वसूली किया।
मनपा का यह विशेष अभियान आगामी 30 सितंबर तक निरंतर जारी रहेगा। नेहरूनगर जोन क्षेत्र स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान 'मेसर्स विठोबा लॉन' पर 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2026 तक की अवधि का कुल 5,48,480 रुपये संपत्ति कर बकाया था। संबंधित प्रतिष्ठान अदालत में मामला लंबित होने का हवाला देकर बार-बार मनपा प्रशासन को गुमराह कर रहा था।
नागपुर महानगरपालिका के कर विभाग ने जब प्रतिष्ठान के खिलाफ चल-अचल संपत्ति जब्ती का वारंट जारी कर प्रत्यक्ष जब्ती की प्रक्रिया शुरू की तो प्रबंधन ने तुरंत संपूर्ण बकाया राशि का भुगतान कर दिया।
एक अन्य मामले में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी महादेवराव डाखोरे पर 6,55,993 रुपये का संपत्ति कर बकाया था। बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान न होने पर मनपा दस्ते ने संपत्ति का नल कनेक्शन काटने और कार्यालयीन सामग्री जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। दल का सख्त रुख देख बकायेदार ने मौके पर ही पूरे 6,55,993 रुपये जमा करा दिए।
महापौर नीता ठाकरे के निर्देश और मनपा आयुक्त डॉ। विपिन इटनकर के मार्गदर्शन में यह विशेष वसूली मुहिम चलाई जा रही है। इसका नेतृत्व अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम कर रहे हैं।
नागपुर महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जब्ती या कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए समय पर अपने बकाया संपत्ति कर का भुगतान करने की अपील की है। मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ आने वाले दिनों में जब्ती व कुर्की की कार्रवाई और तेज होगी।