Nagpur Butibori Mahindra Industrial Project: महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (एमएंडएम) ने नागपुर में अपने सबसे बड़े एकीकृत ऑटोमोबाइल और ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र (मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी) की स्थापना के लिए पहले चरण में लगभग 800 एकड़ भूमि का कब्जा लेने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
एडिशनल बूटीबोरी में बनने वाले इस विशाल ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट की घोषणा इस वर्ष की शुरुआत में की गई थी। यह प्रोजेक्ट कुल 1,500 एकड़ में बनेगा। पहले चरण का काम 800 एकड़ से शुरू होगा। प्लांट न केवल औद्योगिक उत्पादन का केंद्र बनेगा बल्कि कंपनी ने कौशल विकास (स्किलिंग) और रोजगार सृजन को इसके केंद्र में रखा है।
इस परियोजना के पूरक के रूप में छत्रपति संभाजीनगर में 150 एकड़ क्षेत्र में एक 'सप्लायर पार्क' भी विकसित किया जाएगा। यह सप्लायर पार्क नागपुर के नए प्लांट के अलावा महिंद्रा की चाकन और नाशिक स्थित मौजूदा इकाइयों को भी आवश्यक कलपुर्जी (पार्ट्स) की आपूर्ति करेगा।
नागपुर जिले में नए प्लांट में संचालन को सुचारु बनाने के लिए महिंद्रा अपने मौजूदा संयंत्रों के अनुभवी सहयोगियों की विशेषज्ञता का भी लाभ उठाएगा। अगले 2 से 3 वर्षों में इन कर्मचारियों को एक विस्तृत चयन प्रक्रिया के माध्यम से नागपुर प्लांट में नई भूमिकाएं चुनने का अवसर दिया जाएगा।
पूरी तरह से चालू होने के बाद यह संयंत्र देश में महिंद्रा का सबसे बड़ा एकीकृत मैन्युफैक्चरिंग केंद्र होगा।वार्षिक उत्पादन क्षमता होगी 5 लाख से अधिक ऑटोमोबाइल वाहन, 1 लाख से अधिक ट्रैक्टर।संयंत्र में मल्टीपल पावरट्रेन (डीजल, पेट्रोल, ईवी आदि) और भविष्य की आधुनिक तकनीकों के आधार पर वाहनों व ट्रैक्टरों का निर्माण किया जाएगा।
संयंत्र के निर्माण के साथ-साथ महिंद्रा प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने पर विशेष ध्यान दे रहा है। कंपनी नागपुर में एक समर्पित कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की योजना बना रही है। उद्देश्य: स्थानीय कार्यबल और युवाओं को उद्योग की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना ताकि उन्हें सीधा रोजगार मिल सके।