Nagpur MHT CET CAP Admissions: नागपुर महाराष्ट्र राज्य सामाईक प्रवेश परीक्षा (सीईटी) सेल ने इंजीनियरिंग तथा एमबीए-एमएमएस व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया (कैप) के लिए आवेदन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 जुलाई 2026 कर दी है। इसके साथ ही दोनों पाठ्यक्रमों का संशोधित प्रवेश कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 2 अगस्त को प्रथम चरण की सीट आवंटन सूची जारी होगी। पूरी प्रवेश प्रक्रिया 15 सितंबर तक पूर्ण कर ली जाएगी।
सीईटी सेल के अनुसार इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम के लिए राज्यभर में अब तक 2,61,669 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष के 2,25,443 पंजीकरणों से अधिक है। अंतिम तिथि तक संख्या और बढ़ेगी। नागपुर विभाग में पंजीयन कराने वालों की संख्या करीब 20 हजार तक पहुंच गई है। वहीं एमबीए एमएमएस प्रवेश प्रक्रिया के लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है और संशोधित समय सारिणी जारी की गई है।
दोनों पाठ्यक्रमों के लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद वे ई-वेरिफिकेशन अथवा प्रत्यक्ष दस्तावेज सत्यापन में से किसी एक विकल्प का चयन कर सकेंगे। ई-वेरिफिकेशन चुनने वाले विद्यार्थियों को सत्यापन केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जबकि प्रत्यक्ष सत्यापन का विकल्प चुनने वालों को निकटतम सुविधा केंद्र पर उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा।
सीईटी सेल ने स्पष्ट किया है कि एमएचटी-सीईटी देने वाले विद्यार्थियों से इंजीनियरिंग प्रवेश के लिए अलग से पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसी प्रकार एमबीए एमएमएस सीईटी 2026 में शामिल अभ्यर्थियों को भी प्रवेश पंजीकरण शुल्क से छूट दी गई है।
हालांकि जेईई (मुख्य), कैट, सीमेंट, एक्सएटी, एटीएमए, मैट और जीमेट जैसे राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के अंकों के आधार पर प्रवेश लेने वाले पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा।
इंजीनियरिंग में लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में संख्या बढ़ने की मुख्य वजह सरकार द्वारा निःशुल्क शिक्षा योजना लागू करना रहा है। वर्तमान में पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए लग रहा है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कॉलेजों में लगभग सीटें भर जाएंगी।
यह भी पढ़ें:-इथेनॉल पेट्रोल विवाद: नागपुर में आंदोलनकारियों को पुलिस ने लिया हिरासत में, तहसील थाने में मामला दर्ज
| तिथि | प्रक्रिया |
|---|---|
| 19 जुलाई | ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि |
| 20 जुलाई | आवेदनों की पड़ताल (स्क्रूटनी) |
| 22 जुलाई | प्रोविजनल मेरिट सूची जारी |
| 27 जुलाई | अंतिम मेरिट सूची जारी |
| 2 अगस्त | प्रथम चरण की सीट आवंटन सूची जारी |
| 3 से 5 अगस्त | प्रवेश सुनिश्चित (कन्फर्म) कराने की अवधि |