Nagpur Crime News Cow Theft: नागपुर शहर में कार में गाय चोरी करने वाली गैंग के एक आरोपी को कलमना पुलिस ने पकड़ा। आरोपियों ने तबेले से एक गाय चोरी की और उसे कसाई को बेचने की तैयारी थी। फुटेज के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। एक आरोपी गिरफ्त में है, जबकि 2 फरार बताए जा रहे हैं। पकड़ा गया आरोपी सम्राट अशोकनगर, उप्पलवाड़ी निवासी सोहेल अली कादर अली उर्फ बिल्ला (24) बताया गया।
कपिलनगर परिसर में रहने वाला उसका साथी अभिजीत उर्फ काली ठाकुर और मोमिनपुरा निवासी फैजान फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तुलसी कॉलोनी, शांतीनगर निवासी आनंद कन्हैयालाल खट्टर (38) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। आनंद का कलमना में सुपारी का कारखाना है।
वहीं पर उन्होंने तबेला बनाया है और 6 गायें पाली हैं। मवेशियों की देखभाल के लिए एक ग्वाले को भी रखा है। गुरुवार को दोपहर में ग्वाले ने चिखली देवस्थान परिसर में मवेशियों को चरने के लिए छोड़ा था। अज्ञात आरोपी ने एक गाय चोरी कर ली। आनंद ने पुलिस से शिकायत की। फुटेज से पता चला कि कार क्र. एम.पी.28-जेड.के.9555 में गाय चोरी की गई थी।
एक के बाद एक पुलिस ने रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आखिर में गाड़ी कपिलनगर परिसर में प्रवेश करती दिखाई दी। पहले पुलिस ने कार खोजी और उसके आधार पर सोहेल को पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें:-वेकोलि में बड़ा बदलाव, नए सीएमडी हेमंत पांडे का फोकस अब कोयले से आगे बढ़कर रेयर अर्थ व सोलर पर रहेगा फोकस
उसने ठाकुर और फैजान के साथ मिलकर गाय चोरी करने की कबुली दी। पुलिस ने आरोपी से गाय और वारदात में उपयोग किए गए 2 वाहन जब्त किए। इंस्पेक्टर प्रवीण काले, करीमखां पठान, एपीआई शशिकांत मुसले और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।