Prajakt Tanpure To Join BJP: महाराष्ट्र की राजनीति में विधान परिषद (MLC) चुनावों की आहट के साथ ही दलबदल और सियासी समीकरणों के बदलने का दौर शुरू हो गया है। महायुति (भाजपा-शिवसेना-राकांपा) के भीतर जारी सीट शेयरिंग की रस्साकशी के बीच एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सूत्रों का दावा है कि शरद पवार गुट के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहे हैं। इसे पश्चिमी महाराष्ट्र में शरद पवार के लिए एक बड़े रणनीतिक नुकसान के रूप में देखा जा रहा है।
प्राजक्त तनपुरे के भाजपा प्रवेश की सुगबुगाहट तब और तेज हो गई जब उन्होंने अचानक अपने फेसबुक अकाउंट की प्रोफाइल पिक्चर (DP) बदल दी। अक्सर राजनीति में यह देखा गया है कि कोई भी बड़ा नेता दल बदलने से ठीक पहले अपने सोशल मीडिया के जरिए संकेत देता है। दिलचस्प बात यह है कि तनपुरे ने जयंत पाटील की तस्वीर लगाकर एक भावनात्मक माहौल बनाने की कोशिश की है, जिसे उनके पार्टी छोड़ने से पहले के विदाई संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, प्राजक्त तनपुरे के भाजपा में शामिल होने की तारीख 30 मई तय की गई है। चर्चा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसके लिए पूरी फील्डिंग सजा ली है। तनपुरे को भाजपा की ओर से विधान परिषद भेजने का आश्वासन भी दिया गया है। गौरतलब है कि तनपुरे राकांपा (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटील के सगे भांजे हैं, ऐसे में उनका पार्टी छोड़ना न केवल राजनीतिक बल्कि पारिवारिक लिहाज से भी शरद पवार और जयंत पाटील के लिए बड़ा व्यक्तिगत झटका होगा।
यह भी पढ़ें: शाह फॉर्मूले में शिंदे को शह: विधान परिषद चुनाव में 11 सीटों के साथ BJP बनी बड़ा भाई, शिंदे और पवार बैकफुट पर
एक तरफ तनपुरे के प्रवेश की तैयारी है, तो दूसरी तरफ महायुति के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा जारी है। भाजपा ने विधान परिषद की 12 सीटों पर अपना दावा पेश किया है, लेकिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे केवल 4 सीटों के प्रस्ताव पर सहमत नहीं दिख रहे हैं। वहीं, सुनेत्रा पवार भी पुणे की सीट के लिए अड़ी हुई हैं। इसी गतिरोध को सुलझाने के लिए देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली पहुंचे हैं। इस बीच, भाजपा नेता रवींद्र चव्हाण 48 संभावित उम्मीदवारों की सूची लेकर जे.पी. नड्डा से मुलाकात करेंगे, जिसमें प्राजक्त तनपुरे का नाम प्रमुखता से शामिल होने की चर्चा है।
तनपुरे के इस कदम पर शरद पवार गुट के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास हमेशा अपने ही मित्र दलों को समाप्त करने का रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फिलहाल महायुति में वर्चस्व की होड़ मची है और आने वाले दिनों में जनता इन्हें करारा जवाब देगी।
प्राजक्त तनपुरे का भाजपा में जाना राहुरी और अहमदनगर क्षेत्र में राकांपा के वोट बैंक में बड़ी सेंध लगा सकता है। यदि 30 मई को यह प्रवेश सफल होता है, तो विधान परिषद चुनाव से पहले भाजपा अपनी स्थिति को और अधिक मजबूत कर लेगी।