Devendra Fadnavis On Navi Mumbai International Airport: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम जननेता दिवंगत डी बी पाटिल के नाम पर रखा जाएगा। यह घोषणा उन्होंने नवी मुंबई नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान ऐरोली में आयोजित जनसभा में की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हवाई अड्डा केवल हवाई यात्रा को आसान बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नवी मुंबई और पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र के आर्थिक विस्तार में अहम भूमिका निभाएगा। यह परियोजना आने वाले वर्षों में क्षेत्रीय विकास का मजबूत आधार बनेगी।
फडणवीस के अनुसार, इस हवाई अड्डे से फार्मास्युटिकल, इनोवेशन, फूड प्रोसेसिंग, सर्विस सेक्टर और आयात-निर्यात उद्योगों को बड़ा फायदा होगा। इसके चलते निवेश बढ़ेगा और नवी मुंबई में रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने नवी मुंबई को मुंबई का स्वाभाविक विस्तार बताते हुए कहा कि ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें कलंबोली में नया जंक्शन, खारघर से तुर्भे तक प्रस्तावित टनल और सिडको द्वारा विकसित किया जा रहा मेट्रो नेटवर्क शामिल है।
फडणवीस ने बताया कि शिलार और पोशिर परियोजनाओं के जरिए नवी मुंबई की पेयजल जरूरतें पूरी की जाएंगी। साथ ही उन्होंने नवी मुंबई में एक एडुसिटी विकसित करने की योजना की घोषणा की, जहां देश-विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय स्थापित होंगे।
डी बी पाटिल का जन्म 1926 में रायगढ़ जिले के जसई गांव में हुआ था। वे किसानों के अधिकारों के बड़े नेता रहे और नवी मुंबई परियोजना में किसानों को न्याय दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जा रहा है।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा व्यावसायिक हवाई अड्डा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अक्टूबर को इसका उद्घाटन किया, जबकि 25 दिसंबर से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत हुई। परियोजना को 2007 में मंजूरी मिली थी और फरवरी 2018 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था।