रितु तावड़े (सौ. सोशल मीडिया ) 
मुंबई

मुंबई में 1.30 लाख बेटियों को लगेगी HPV वैक्सीन, सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ी मुहिम शुरू

BMC School Girls Vaccination Campaign: सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों के बीच मुंबई में 14–15 वर्ष की 1.30 लाख लड़कियों को HPV वैक्सीन देने की मुहिम शुरू हुई।

अपूर्वा नायक

Mumbai HPV Vaccination Drive 2026: सर्वाइकल यानी गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के बढ़ रहे मामलों को सरकार ने गंभीरता से लिया है। इस गंभीर बीमारी के खिलाफ जंग छेड़ने का फैसला किया गया है।

मुंबई में शुरूआत में 14 से 15 साल की 1 लाख 30 हजार लड़कियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अभियान के पहले चरण की शुरुआत हो गई है। बीएमसी स्कूलों के छात्राओं को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। शनिवार को मुंबई सेंट्रल के नायर अस्पताल में एक 14 साल की लड़की को एचपीवी वैक्सीन की डोज दी गई।

यह अभियान केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार लड़कियों की सेहत की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। लड़कियों को डॉक्टर की मौजूदगी में और जरूरी मेडिकल जांच के बाद वैक्सीन लगाई जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने मुंबई समेत पूरे राज्य के लिए इस मुहिम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितु तावड़े और उप महापौर संजय घाडी भी मौजूद थे। इसके अलावा कई गणमान्यों ने इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया।

पूरे देश में मुहिम की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से पूरे देश में एक साथ एचपीवी टीकाकरण मुहिम की शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीसी के जरिए इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।पीएम मोदी ने कहा कि अगर किसी परिवार में मां बीमार पड़ जाती है, तो पूरा घर बिखर जाता है। यदि मां स्वस्थ है, तो परिवार किसी भी संकट का सामना कर सकता है। इसी भावना से सरकार महिलाओं की मदद के लिए कई स्कीमें लागू कर रही है।

बेटियों की सुरक्षा सबसे जरूरी

नायर अस्पताल प्रशासन ने बताया कि माता-पिता के लिए वैक्सीनेशन के बारे में जागरूक होना चाहिए। बेटियों को समय पर वैक्सीन लगवाना जरूरी है। यह मुहिम शहर के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों और हेल्थ सेंटर्स में भी चलाया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा लोगों से इसका फायदा उठाने की अपील की गई है।

अगले चरण में निजी स्कूलों में मुहिम

एचपीवी एक वायरस है जिससे सर्वाइकल कैंसर हो सकता है। इसलिए 9 से 14 साल की लड़कियों को यह वैक्सीन देने की सलाह दी गई है। अब से बीएमसी के स्कूलों में पढ़ने वाली 24,936 छात्राओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। अगले चरण में निजी और अनुदानित स्कूलों की छात्रात्रों को मुहिम में शामिल किया जाएगा। यह वैक्सीनेशन पूरी तरह से वॉलंटरी होगा और वैक्सीनेशन के लिए माता-पिता की मंजूरी जरूरी होगी।

गार्डासिल-4 वैक्सीन की एक डोज

जो लाभार्थी वैक्सीन ले रहे हैं, उन्हें बाएं हाथ की मसल में गार्डासिल 4 वैक्सीन की एक 0।5 एमएल डोज दी जाएगी। टीकाकरण के बाद, उंगली पर मार्कर से एक निशान लगाया जाएगा। टीके के बाद हल्का बुखार, सिरदर्द या इंजेक्शन वाली जगह पर सूजन होने की संभावना होती है। लेकिन ये आमतौर पर 2-3 दिनों में ठीक हो जाते हैं। हर सेंटर पर साइड इफेक्ट्स को मैनेज करने के लिए मेडिकल स्टाफ मौजूद है।

तीन महीने तक चलेगी विशेष मुहिम

  • यह विशेष टीकाकरण अभियान तीन महीने तक चलेगा। उसके बाद इसे नियमित वैक्सीनेशन प्रोग्राम में शामिल कर लिया जाएगा।
  • 236 मनपा हेल्थ सेंटर, 27 मैटरनिटी होम, 16 जनरल हॉस्पिटल और 5 मेडिकल कॉलेज समेत 284 हेल्थ इंस्टीट्यूशन में वैक्सीनेशन की सुविधा मिलेगी।
  • सभी लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन और सर्टिफिकेट बांटना पूरी तरह से डिजिटल तरीके से केंद्र सरकार के यू-विन पोर्टल के जरिए किया जाएगा। अगले सप्ताह से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा।

सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय ग्रीवा की सतह पर शुरू होने वाला कैंसर है। यह तब होता है जब गर्भाशय ग्रीवा की कोशिकाएं कैसर-पूर्व कोशिकाओं में बदलने लगती है। नियमित रूप से सर्वाइकल कैंसर की जांच और एचपीवी का टीका लगवाकर सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है। - प्रकाश आबिटकर, स्वास्थ्य मंत्री

20,160 टीके के मिली खेप

बीएमसी को अभी राज्य सरकार से एचपीवी वैक्सीन की 20,160 डोज मिली हैं। यह अभियान स्कूली शिक्षा विभाग, महिला व बाल कल्याण विभाग और दूसरे संबंधित विभागों के साथ मिलकर चलाया जाएगा। मुहिम को सफलतापूर्वक चलाने के लिए 262 मेडिकल ऑफिसर, 1,008 नर्स और 4,428 आशा और हेल्थ वॉलंटियर को ट्रेनिंग दी गई है।

मुंबई से नवभारत लाइव के लिए स्वप्निल शिंदे की रिपोर्ट

आपको कट्टर आतंकवादी मार देंगे, चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी; मंत्रालय को मिले पत्र से हड़कंप

एमपी BJP में हलचल के बीच नितिन नवीन से मिले CM मोहन यादव; कैबिनेट विस्तार समेत कई मुद्दों पर चर्चा के कयास

जीजा और उनकी पार्टी को हराएंगे पाठक जी के साले! पारिवारिक कलह ने बढ़ाई डिप्टी सीएम की मुश्किलें

लोगों ने कोशिश की... लेकिन हमारे और योगी जी के बीच कोई दिवार नहीं, सीएम वाले बयान पर केशव प्रसाद मौर्य की सफाई

Teachers Day पर DU पहुंचेंगे PM मोदी, SRCC में छात्रों से करेंगे संवाद, 5 सितंबर को लेकर तैयारियां तेज