CM Devendra Fadnavis Inaugurated Tardeo-Nagpada-Mumbai Central Flyover: दक्षिण मुंबई के निवासियों और यात्रियों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनिर्मित तारदेव-नागपाड़ा-मुंबई सेंट्रल फ्लाईओवर का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुंबई सेंट्रल स्थित ब्रिटिश काल के 130 साल पुराने जर्जर पुल को असुरक्षित घोषित कर तोड़ दिया गया था। इसके बाद से पिछले दो वर्षों से इस मार्ग पर पूर्व-पश्चिम संपर्क पूरी तरह बाधित था। तारदेव-नागपाड़ा-मुंबई सेंट्रल फ्लाईओवर के शुरू होने से न केवल यह संपर्क बहाल हुआ है, बल्कि बेलासिस रोड, ग्रांट रोड और महालक्ष्मी स्टेशन के आसपास होने वाले भारी ट्रैफिक जाम से भी यात्रियों को मुक्ति मिलेगी।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने इस परियोजना में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आमतौर पर बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं में देरी देखी जाती है, लेकिन बीएमसी ने इस फ्लाईओवर को महज 15 महीने और 6 दिन के रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया। विज्ञप्ति के अनुसार, टेंडर की शर्तों के मुताबिक काम अभी भी समय सीमा से 4 महीने पहले ही खत्म कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:- वीर सावरकर पुण्यतिथि: काला पानी की वो खौफनाक सजा और आत्मार्पण की अनसुनी कहानी, कैसे विनायक बने स्वातंत्र्यवीर?
इस फ्लाईओवर के शुरू होने से डॉ. दादासाहेब भडकामकर मार्ग और पाथे बापूराव मार्ग जैसे व्यस्त इलाकों में वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, जिससे यात्रा के समय में भारी बचत होने की उम्मीद है।