Mumbai AI Lidar Tree Mapping Project News: महानगर में वृक्षों के वैज्ञानिक संरक्षण, प्रबंधन एवं सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सूचना, तकनीकी एवं मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आशीष शेलार ने शुक्रवार को बांद्रा (पश्चिम) स्थित पाली हिल क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं एलआईडीएआर तकनीक आधारित स्मार्ट वृक्ष मूल्यांकन पायलट परियोजना का शुभारंभ किया।
इस पहल का उद्देश्य आधुनिक जियोस्पेशियल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकों के माध्यम से वृक्ष संरक्षण और प्रबंधन को अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाना है। इस अवसर पर भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजय पांडेय भी मौजूद थे। मुंबई में आयोजित द्वितीय अंतरराष्ट्रीय अरबोरिकल्चर सम्मेलन के दौरान राज्य के सूचना एवं तकनीकी मंत्री आशीष शेलार को इस तकनीक की कार्य प्रणाली एवं संभावनाओं की जानकारी दी गई थी।
इसकी उपयोगिता को देखते हुए उन्होंने बृहन्मुंबई महानगरपालिका के एच वेस्ट विभाग में इस अभिनव पायलट परियोजना को लागू करने की पहल की। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान आशिष शेलार ने एआई एवं एलआईडीएआर आधारित प्रणाली का प्रत्यक्ष परीक्षण एवं अवलोकन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में बड़े एवं पुराने वृक्षों का वैज्ञानिक संरक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा आधुनिक तकनीक की सहायता से वृक्षों की सटीक जानकारी प्राप्त कर उनके दीर्घकालिक संरक्षण एवं प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में एच वेस्ट विभाग के सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड, स्माइल कौंसिल की हेड ऑफ बिजनेस डेवलपमेंट शशि बाला, उद्यान विभाग के उप-अधीक्षक ज्ञानदेव मुंढे व उद्यान विभाग के अधिकारी वैभव राजे, आर्यन पांडेय, स्थानीय नगरसेविका स्वप्ना म्हात्रे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। परियोजना के पारंपरिक शुभारंभ के अवसर पर स्थानीय नागरिकों द्वारा नारियल फोड़ा गया।
यह परियोजना बृहन्मुंबई महानगरपालिका की स्माइल कौंसिल पहल के अंतर्गत विकसित की गई है तथा इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी टिकोटेक एलएलपी को सौंपी गई है। इस तकनीकी पहल को ग्रीहिल पीटीई के सहयोग से लागू किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत एच वेस्ट विभाग क्षेत्र में वाहन-आधारित लीडर स्कैनिंग तकनीक के माध्यम से सड़क किनारे स्थित सभी वृक्षों की डिजिटल मैपिंग की जाएगी, जिससे प्रत्येक वृक्ष का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड एवं 3डी मॉडल तैयार किया जा सकेगा, एआई के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों का सत्यापन प्रमाणित वृक्ष विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें :- Mulund Car Accident: बुजुर्ग की कार सब्जी दुकान में घुसी, महिला और 2 वर्षीय बच्ची की मौत