Maharashtra ST Mahamandal: महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एमएसआरटीसी) ने आम यात्रियों को बड़ा झटका देते हुए राज्य परिवहन की 'लालपरी' बसों के किराये में 13.56 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि, यात्रियों को आंशिक राहत देते हुए साधारण बसों पर पहले से लागू 10 प्रतिशत सीजनल किराया वृद्धि को वापस लेने का निर्णय भी लिया गया है।
महामंडल के अनुसार, लगातार बढ़ रहे परिचालन खर्च, ईंधन की कीमतों और रखरखाव लागत को देखते हुए किराया संशोधन आवश्यक हो गया था। संस्था का कहना है कि सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध परिवहन सेवा जारी रखने के लिए यह निर्णय लेना मजबूरी बन गया था।
महामंडल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर खाड़ी देशों में तनावपूर्ण माहौल के कारण डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसके अलावा एसटी कर्मचारियों के विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी, वाहनों के स्पेयर पार्ट्स, टायर और रखरखाव पर बढ़ते खर्च का भी आर्थिक बोझ परिवहन सेवा पर पड़ा है।
यह भी पढ़ें:- यशवंत शुगर मिल की 99.27 एकड़ जमीन खरीद पर फिर लगी रोक, राज्य सरकार ने रोकी वित्तीय कार्रवाई
जहां एक ओर किराये में 13.56 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी गई है, वहीं दूसरी ओर साधारण बसों पर लागू 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीजनल किराया समाप्त करने का फैसला लिया गया है। इससे नियमित रूप से साधारण बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलेगी।
नई किराया वृद्धि लागू होने के बाद राज्यभर में एसटी बसों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों की यात्रा लागत बढ़ जाएगी। मुंबई महामंडल का कहना है कि वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाए रखने और बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह कदम आवश्यक था। अब यात्रियों को संशोधित किराया दरों के अनुसार टिकट के लिए अधिक राशि चुकानी होगी।