Maharashtra Dams Water Storage: महाराष्ट्र के जलाशयों में सोमवार तक कुल 47 प्रतिशत उपयोगी जल भंडारण दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की 62 प्रतिशत से कम है।
वहीं, कोकण, पुणे व नाशिक संभाग में बारिश सामान्य से अधिक हुई, जबकि शेष महसूल विभागों में बारिश की भारी कमी दर्ज हुई। राज्य के 3029 बांधों की कुल उपयोगी क्षमता 1441.34 टीएमसी है, जिसमें से फिलहाल 681.13 टीएमसी यानी 47 प्रतिशत पानी उपलब्ध है, जबकि पिछले साल इसी तारीख को यह भंडारण 62 प्रतिशत थी।
कोयना, जायकवाडी, उजनी सहित सबसे बड़े दस बांधों में कुल 203.71 टीएमसी पानी शेष है। मुंबई व ठाणे को पानी आपूर्ति करने वाले भातसा, तानसा, बारवी बांधों में 63 प्रतिशत जलसाठा बचा है।
पिछले 24 घंटों में रत्नागिरी में सर्वाधिक 96.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, रायगड तथा पुणे घाट क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आगामी चार दिनों में कोकण व घाट क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
14 से 20 जुलाई के बीच मुंबई शहर व उपनगर में दीवार गिरने की घटनाओं में दो लोग घायल हुए, वहीं जालना में बिजली गिरने से एक पशु की मृत्यु हुई। जनवरी से जुलाई 2026 के दौरान राज्य में कुल 105 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें सर्वाधिक 51 मौतें बिजली गिरने से हुई हैं।
इसके अलावा हिंगोली जिले में 9 से 11 जुलाई के बीच पांच बार हल्के भूकंप महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 3.5 से 4.6 रिश्टर स्केल रही, जबकि 19 जुलाई को अरब सागर में 3.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ, हालांकि सुनामी के खतरे से इनकार किया गया है।
यह भी पढ़ेः- NEET UG 2026 परिणाम पर छत्रपति संभाजीनगर में उठे बड़े सवाल, दो छात्रों ने कम अंक आने का दावा, 23 को सुनवाई
20 से 25 जुलाई के बीच राज्य में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है, जबकि कोकण और घाट क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 21 और 22 जुलाई को मुंबई, मुंबई उपनगर, ठाणे, रायगढ़ तथा पुणे घाट क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि किसी भी जिले के लिए रेड अलर्ट घोषित नहीं किया गया है। नागरिकों से मौसम विभाग और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।