Mumbai Local Train Overcrowding: मुंबई लोकल की जानलेवा भीड़ ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिवा-मुंब्रा के बीच चलती लोकल के दरवाजे पर लटक कर सफर कर रही एक महिला की साड़ी का पल्लू पुल के खंभे से टकरा गया। महज कुछ इंच और कुछ सेकंड के अंतर से बड़ा हादसा टल गया।
इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेनों में यात्रियों की जान जोखिम में डालकर होने वाली यात्रा की भयावह हकीकत को फिर उजागर कर दिया है। साथ ही मुंब्रा में वर्ष 2025 में हुए भीषण हादसे को एक बार फिर से ताजा कर दिया।
मुंबई लोकल में भीड़ और जान जोखिम में डालकर सफर करना अब आम बात बन गई है। पीक आवर्स में दफ्तर पहुंचने की जल्दबाजी में हजारों यात्री दरवाजों पर लटक कर यात्रा करने को मजबूर होते हैं। इसी बीच दिवा-मुंब्रा के बीच एक महिला की जान बाल-बाल बच गई।
वायरल वीडियो में दिवा-सीएसएमटी लोकल के दरवाजे पर लटक कर सफर कर रही महिला की साड़ी का पल्लू रेलवे पुल के खंभे से टकरा जाता है। महज कुछ इंच और कुछ सेकंड के अंतर से बड़ा हादसा टल गया। महिला का हाथ नहीं छूटा, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन इस घटना ने लोकल ट्रेनों में भीड़ और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल फिर खड़े कर दिए हैं।
मुंबई-ठाणे की लोकल ट्रेनों में पीक आवर्स के दौरान हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं। ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बचती, जिससे कई यात्री दरवाजे पर लटककर जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। ऐसे हादसों में पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है और अनेक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यात्री अमोल सेजवल ने बाताया की मुंबई में रेलवे आज तक भीड़ का प्रभावी प्रबंधन नहीं कर पाई है। मौजूदा हालात देखकर नहीं लगता कि निकट भविष्य में भी कोई बड़ा बदलाव होगा।
यह भी पढ़ें: - महाराष्ट्र में रियल एस्टेट के लिए नया DELTA कानून: ब्लॉकचेन से होगा जमीन का टोकनाइजेशन, CM फडणवीस का निर्देश
यात्री रुपाली जाधव ने बाताया की मैं भी एक बार भारी भीड़ के कारण लोकल के दरवाजे पर लटक कर सफर करने को मजबूर हुई थी। मोड़ पर ट्रेन झुकती है और तेज हवा के कारण संतुलन बिगड़ सकता है। ऐसे में गिरने का खतरा बहुत अधिक रहता है।
मध्य रेलवे अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बाताया की यात्रियों को कभी भी अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा नहीं करनी चाहिए। सुरक्षित यात्रा के लिए दरवाजे पर लटकने जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों से बचें और रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करें।