Mumbai High Tide Schedule 2026: मुंबई और मानसून का रिश्ता जितना खूबसूरत है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी। इस साल भी मानसून के दौरान समुद्र की लहरें मुंबईवासियों की परीक्षा ले सकती हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मानसून 2026 के लिए ज्वार-भाटे (High Tide) का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। नगर निकाय के अनुसार, इस सीजन में समुद्र में कुल 24 बार साढ़े चार मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठेंगी, जो शहर के निचले इलाकों के लिए जलभराव का बड़ा खतरा बन सकती हैं।
प्रशासन के मुताबिक, इस मानसून की सबसे ऊंची लहर 16 जुलाई 2026 को आएगी, जिसकी ऊंचाई 4.89 मीटर (लगभग 16 फीट) रहने का अनुमान है। इससे पहले जून महीने में भी समुद्र का जलस्तर काफी बढ़ा रहेगा। 16 जून को लहरें 4.87 मीटर तक पहुंच सकती हैं।
मुंबई चारों ओर से समुद्र से घिरी है, इसलिए ज्वार के समय यदि मूसलाधार बारिश होती है, तो नालों का पानी प्राकृतिक रूप से समुद्र में नहीं जा पाता। इससे शहर में भीषण जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। नगर निगम द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार:
जून महीने का अलर्ट: 14 जून से 19 जून तक लगातार 6 दिनों तक भारी ज्वार रहेगा। इसमें 16 जून को 4.87 मीटर और 17 जून को 4.86 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी।
जुलाई महीने का अलर्ट: इस महीने में 15 जुलाई को 4.85 मीटर और 16 जुलाई को सीजन की सबसे ऊंची 4.89 मीटर की लहरें दर्ज की जाएंगी।
ये भी पढ़ें- Bombay High Court का बड़ा फैसला: कंपनी की गलती से नहीं रुकेगी कर्मचारियों की पेंशन, EPFO को लगायी फटकार
बीएमसी ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे ज्वार-भाटे के समय समुद्र तटों से दूर रहें। मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी, जुहू बीच और वर्ली सी-फेस जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। विशेष रूप से उन दिनों में अधिक सावधानी बरतने को कहा गया है जब भारी बारिश और हाई टाइड एक साथ होने की संभावना है।
मुंबईवासियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले बीएमसी द्वारा जारी ज्वार-भाटे के समय और मौसम विभाग की सूचनाओं पर ध्यान दें। आपातकालीन स्थिति के लिए बीएमसी की हेल्पलाइन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।