महाराष्ट्र के जलगांव जिले के जामनेर तालुका में ट्रक और दोपहिया वाहन में टक्कर।
जलगांव हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत।
जलगांव हादसे में मरने वाले मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के रहने वाले थे।
Jalgaon Road Accident: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। एक बेकाबू ट्रक और दोपहिया वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के 6 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा जलगांव के जामनेर तालुका के मालदाभाड़ी के पास गुरुवार शाम करीब 4 बजे हुआ।
गुरुवार को महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक ट्रक और दोपहिया वाहन की टक्कर में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के मालची तांडा गांव के निवासी थे। वे खेतिहर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
जलगांव जिले के SP श्रीकांत धिवरे ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के करीब जामनेर-बोदवद रोड पर, MP रजिस्ट्रेशन वाली एक पल्सर मोटरसाइकिल बोदवद से जामनेर की ओर जा रही थी। वहीं जामनेर की तरफ से एक ट्रक बोदवद की ओर आ रहा था। पल्सर मोटरसाइकिल पर तीन आदमी और तीन छोटे बच्चे सवार थे, तभी वह सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
जलगांव के जामनेर तालुका के मालदाभाड़ी में हुआ भीषण हादसा CCTV में कैद हो गया। जिसका वीडिया सामने आया है। वीडियो में दिखा जा सकता है कि ट्रक और बाइक आमने-सामने से आपस में भिड़ रही है। तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जलगांव हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामा सुरशिंग भिलाले (26), उनकी पत्नी शिमला रामा भिलाले (22), बेटी पुज्या रामा भिलाले (5), बेटी भरती रामा भिलाले (3), तीन महीने के श्रवण रामा भिलाले और चंपालाल रेवणशिंग भिलाले (28) के रूप में हुई है।
इस हादसे का सबसे दुखदायक पहलु यह है कि तीन महीने के मासूम समेत जान गंवाने वाले सभी 6 लोग एक ही परिवार के थे। यह परिवार खेतिहर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे ने महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश तक को शोक में डूबो दिया है।