Gadchiroli Gay Partner Murder Case: गढ़चिरोली जिले के एटापल्ली तालुका के अंतर्गत आने वाले हालेवारा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई इस हत्या ने सोशल मीडिया के दौर में रिश्तों के स्याह पहलू को उजागर किया है। मृतक की पहचान सतीशकुमार निषाद के रूप में हुई है, जो नागेपल्ली इलाके का निवासी था और पेशे से गैरेज मैकेनिक का काम करता था। सतीश की कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर ओडिशा के नबरंगपुर के रहने वाले सूरज हलदार से बातचीत शुरू हुई थी। चैटिंग से शुरू हुआ यह सिलसिला जल्द ही गहरी दोस्ती और फिर समलैंगिक प्रेम संबंधों में बदल गया। दोनों के बीच रिश्ता इतना गहरा गया कि सूरज कुछ दिन पहले ही ओडिशा से सतीश से मिलने उसके गांव नागेपल्ली आया हुआ था।
हालांकि, इस प्रेम कहानी में मोड़ तब आया जब सूरज के सामने यह कड़वा सच आया कि सतीशकुमार पहले से ही शादीशुदा है। इस बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार तनाव चल रहा था। सूरज लगातार सतीश पर साथ रहने और शादी का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर तीखी बहस होने लगी थी।
विवाद बढ़ने के बाद रविवार तड़के सतीशकुमार अपने दोस्त सूरज हलदार को वापस ओडिशा छोड़ने के लिए अपनी गाड़ी से लेकर रवाना हुआ था। अभी उनकी गाड़ी देवदा गांव के पास पहुंची ही थी कि दोनों के बीच गाड़ी के भीतर ही दोबारा शादी और धोखे को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। गुस्से से आगबबूला हुए सूरज ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और सतीशकुमार पर जानलेवा हमला करते हुए उसका गला रेत दिया, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण सतीश की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद के एनकाउंटर को कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने बताया गैरकानूनी
वारदात को अंजाम देने के बाद खून से लथपथ आरोपी सूरज हलदार ने घबराहट में मौके से भागने की कोशिश की। सुबह के वक्त देवदा गांव के पास सड़क से गुजर रहे स्थानीय ग्रामीणों ने जब गाड़ी के पास संदिग्ध हलचल और भागते हुए युवक को देखा, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। ग्रामीणों ने घेराबंदी करके आरोपी सूरज को रंगे हाथों पकड़ लिया और फौरन स्थानीय हालेवारा पुलिस स्टेशन को इस हत्याकांड की सूचना दी।
सूचना मिलते ही हालेवारा पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ग्रामीणों की हिरासत से आरोपी सूरज हलदार को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से कत्ल में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और सोशल मीडिया चैट व अन्य तकनीकी सबूतों को खंगालकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।