Highlights:
गड़चिरोली जिले में 13,608 मतदाताओं में से 9,360 ने वोट डाले।
सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान प्रक्रिया चली।
6,593 पुरुष और 2,767 महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
Gadchiroli MLC Election: महाराष्ट्र विधान परिषद के नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को गड़चिरोली जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के 26 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। कुल 13,608 मतदाताओं में से 9,360 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस तरह जिले में कुल 68.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई मतदान केंद्रों पर दोपहर बाद मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। जिला निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान प्रक्रिया सुबह निर्धारित समय पर शुरू हुई। शुरुआती घंटों के बाद दिन चढ़ने के साथ मतदाताओं की आवाजाही बढ़ी। विशेषकर दोपहर बाद जिले के कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें दिखाई दीं।
निर्धारित समय शाम 4 बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त हुई। जिले में कुल 13,608 पंजीकृत मतदाताओं में 9,360 ने मतदान किया। इनमें 6,593 पुरुष और 2,767 महिला मतदाता शामिल हैं। इस प्रकार मतदान करनेवालों में पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक रही। जिले में 68.78 प्रतिशत मतदान होने से चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक दलों और समर्थकों की उत्सुकता बढ़ गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया था।
नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत आज गड़चिरोली जिले में भी चुनाव संपन्न हुआ। इस दौरान अनेक स्नातकों ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान गड़चिरोली के जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने भी गड़चिरोली शहर के पीएम श्री पंडित जवाहरलाल नेहरू विद्यालय में पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं सभी मतदाताओं से मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान शुक्रवार को जिले के कई मतदान केंद्रों पर मतपत्रों के आकार को लेकर मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। मतदाताओं की शिकायत थी कि मतदान के बाद मतपत्र को मोड़ने के बावजूद वह मतपेटी के छेद से अंदर नहीं जा रहा था। इसके चलते मतदाताओं को मतपत्र पेटी में डालने के लिए जोर लगाना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर कई मतदाताओं ने नाराजगी जताते हुए चुनाव अधिकारियों से शिकायत भी की।
नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला होने की चर्चा रही। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार नीलेश कन्हाडे का नाम भी चुनावी चर्चाओं में बना रहा। ऐसे में मतगणना के बाद ही उम्मीदवारों के प्रदर्शन और चुनावी परिणाम की स्थिति स्पष्ट होगी।